शौचालय में पसरी गंदगी, प्रबंधन नहीं दे रहा कोई ध्यान
नगर निगम की पार्किंग से साथ ही स्थित है शौचालय
संवाद न्यूज एजेंसी
ऊना। स्वच्छता को लेकर सरकारों की ओर से हर वर्ष करोड़ों रुपये खर्च किए जाते हैं। इसके साथ-साथ समय-समय पर जागरूकता अभियान भी चलाए जाते हैं। नगर निगम ऊना भी लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने के लिए नियमित रूप से अभियान संचालित करता है लेकिन दूसरी ओर जिस कार्यालय से नगर निगम का संचालन और प्रबंधन होता है, उसी परिसर में बने शौचालयों की साफ-सफाई पर प्रबंधन का कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है। नगर निगम कार्यालय परिसर में बने शौचालयों की हालत खस्ता बनी हुई है। शौचालय में गंदगी का आलम यह है कि लोग इसका उपयोग करने से कतराने लगे हैं। निगम की ओर से शहर में डोर-टू-डोर गार्बेज कलेक्शन योजना चलाई जा रही है, लेकिन कार्यालय परिसर में बने सार्वजनिक शौचालय को देखकर ऐसा प्रतीत होता है कि यहां कई दिनों से सफाई नहीं की गई है। पुरुष शौचालय में बने यूरिनलों के पाइप टूटे हुए हैं। इनमें तंबाकू के पाउच भरे पड़े हैं, जिससे यूरिनल बार-बार जाम हो रहे हैं। कई जगह पाइपों को रस्सियों से बांधकर काम चलाया जा रहा है। इस गंभीर समस्या पर नगर निगम के अधिकारी और कर्मचारी भी कोई ध्यान नहीं दे रहे हैं।
एक ओर नगर निगम शहर में नए सार्वजनिक शौचालयों के निर्माण की योजना बना रहा है, वहीं पहले से बने शौचालयों के रखरखाव में घोर लापरवाही बरती जा रही है। यदि समय रहते इन शौचालयों की स्थिति में सुधार नहीं किया गया तो हालात और भी बदतर हो सकते हैं।
नगर निगम कार्यालय परिसर के शौचालयों की यह स्थिति यह संकेत देती है कि शहर के अन्य सार्वजनिक शौचालयों के रखरखाव की स्थिति भी इससे बेहतर नहीं होगी।
कोट्स
यह मामला मेरे ध्यान में आया है। इसे लेकर तुरंत कार्रवाई के निर्देश दिए जाएंगे। शौचालय की सफाई और रखरखाव का पूरा ध्यान रखा जाएगा, ताकि आमजन को किसी प्रकार की परेशानी न हो। -मनोज कुमार, संयुक्त आयुक्त, नगर निगम ऊना