संवाद न्यूज एजेंसी
टाहलीवाल (ऊना)। जिले की हरोली तहसील के गांव चंदपुर (कलेहरा) निवासी उत्कर्ष शर्मा का चयन भारतीय वायुसेना में फ्लाइंग ऑफिसर के रूप में हुआ है। उनके पिता नरेश शर्मा निजी कंपनी में कार्यरत हैं जबकि माता मोनिका शर्मा गृहिणी हैं। उत्कर्ष ने नॉन-मेडिकल से 12वीं के बाद थापर यूनिवर्सिटी पटियाला से मेकेनिकल इंजीनियरिंग में बीटेक किया है।
सैन्य पृष्ठभूमि वाले परिवार से आने वाले उत्कर्ष को दादा स्वर्गीय सूबेदार केशवानंद शर्मा से प्रेरणा मिली। उन्होंने अखिल भारतीय परीक्षा और देहरादून में आयोजित एसएसबी साक्षात्कार दोनों पहले प्रयास में उत्तीर्ण किए। वायुसेना की ओर से 12 दिसंबर 2025 को घोषित परिणामों के अनुसार उनका चयन हुआ है। उन्हें 28 दिसंबर 2025 को हैदराबाद स्थित वायुसेना अकादमी में रिपोर्ट करना होगा, जहां जनवरी 2026 से प्रशिक्षण शुरू होगा।