डिजास्टर एक्ट से जारी हुआ बजट, पुराने खस्ताहाल कमरों से मिलेगी निजात
वर्तमान में बेहद छोटे कमरों में कार्यालय चला रहे कर्मचारी
नए कमरों का 70 फीसदी काम पूरा, अगले सत्र तक होंगे तैयार
संवाद न्यूज एजेंसी
ऊना। जिला शिक्षा विभाग के कई दशक पुराने कार्यालय भवन की स्थिति अब जल्द ही सुधरने वाली है। लंबे समय से जर्जर और खस्ताहाल कमरों में काम कर रहे कर्मचारियों को जल्द ही राहत मिलेगी। पुराने भवन के साथ-साथ राजस्व विभाग की पुरानी बिल्डिंग का भी जीर्णोद्धार किया जा रहा है, जबकि नए कमरों का निर्माण तेजी से प्रगति पर है। इन कमरों को शिक्षा विभाग कार्यालय से जोड़कर एक विस्तृत और आधुनिक परिसर तैयार किया जा रहा है, जिससे विभागीय अधिकारियों और कर्मचारियों को बेहतर कार्य-परिसर मिल सकेगा। जानकारी के अनुसार जिला प्रारंभिक व उच्च शिक्षा विभाग में लगभग 50 कर्मचारी कार्यरत हैं। विभाग के लगभग 20 कमरों वाले पुराने भवन में सीलन, जर्जर दीवारों और तंग जगह की समस्याएं गंभीर रूप ले चुकी हैं। कई कमरे इतने छोटे हैं कि उनमें केवल एक कर्मचारी की कुर्सी और टेबल ही समा पाता है, जबकि बड़े कमरों में भी सीलन और टूट-फूट बढ़ती जा रही है। दस्तावेजों के सुरक्षित भंडारण में भी कठिनाइयां सामने आ रही हैं। स्टोर रूम की हालत इतनी खराब हो चुकी है कि वहां संवेदनशील सामग्री रखना मुश्किल हो गया है।
इसी बीच छह नए बड़े कमरों का निर्माण जारी है। तीन भूतल पर और तीन पहली मंजिल पर कमरे बनाए जा रहे हैं। इन बड़े कमरों में पार्टीशन लगाकर कुल सात कमरे बनाए जाएंगे। इस प्रकार 14 नए कमरे तैयार होंगे, जिनमें सात उच्च शिक्षा विभाग और सात प्रारंभिक शिक्षा विभाग को आवंटित किए जाएंगे। नए कमरे बन जाने के बाद स्टाफ को वहां शिफ्ट किया जाएगा, इसके पश्चात पुराने भवन का भी व्यापक जीर्णोद्धार किया जाएगा। साथ ही भवन परिसर में पेवर ब्लॉक लगाए जाएंगे और पूरे भवन की पुताई भी करवाई जाएगी। जिला उच्च शिक्षा विभाग के उपनिदेशक अनिल कुमार तक्खी ने बताया कि निर्माण कार्य के लिए डिजास्टर एक्ट के तहत बजट स्वीकृत हुआ है। उनके अनुसार पूरे परिसर में युद्धस्तर पर कार्य चल रहा है तथा नए शैक्षणिक सत्र से पहले सभी निर्माण कार्य पूरे कर कार्यालय का विस्तार कर दिया जाएगा।