गंदा पानी एक जगह खड़ा होने के चलते बढ़ीं मुश्किलें
लोगों को नगर निगम से नाले की जल्द सफाई की उठाई मांग
संवाद न्यूज एजेंसी
ऊना। शहीद भगत सिंह चौक पर लंबे समय से गंदे नाले की सफाई न होने से स्थिति बेहद खराब हो चुकी है। नाले का गंदा पानी एक ही जगह जमा हो जाने से राहगीरों और आसपास के दुकानदारों को गंभीर परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। बदबू और गंदगी के कारण लोगों का जीना मुश्किल हो गया है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि कई बार शिकायत करने के बावजूद नगर निगम की ओर से कोई ठोस कदम नहीं उठाए गए हैं। यह स्थान बस स्टॉप के पास है, जहां अंब और झलेड़ा की तरफ जाने वाले यात्री बस का इंतजार करते हैं। नाले के खुला होने के कारण किसी भी व्यक्ति के गिरकर घायल होने का खतरा भी बना हुआ है। यह मार्ग रोजाना कई अधिकारियों और कर्मचारियों की ओर से प्रयोग किया जाता है, लेकिन अब तक इस समस्या की ओर किसी का ध्यान नहीं गया है। क्षेत्रवासियों ने नगर निगम से जल्द से जल्द नाले की सफाई और नियमित रखरखाव की मांग की है। उनका कहना है कि अगर इस समस्या का समाधान समय रहते नहीं किया गया तो यह स्थिति गंभीर बीमारियों को जन्म दे सकती है।
स्थानीय निवासियों के विचार
यह समस्या काफी समय से जारी है। नगर निगम और संबंधित कर्मचारियों ने इस पर कोई ध्यान नहीं दिया है। नाला गंदगी से भरा पड़ा है और उसकी सफाई के बजाय इसको ढकने का भी कोई प्रयास नहीं किया गया है। निगम को चाहिए कि वह नाले को साफ करवाए और इसके रखरखाव पर ध्यान दे। -संजीव कुमार, स्थानीय निवासी
अंब और झलेड़ा की तरफ जाने वाले यात्री इस स्थान पर बने बस स्टॉप से बस का इंतजार करते हैं, लेकिन गंदगी और बदबू के कारण लोगों का यहां खड़ा होना भी मुश्किल हो गया है। -अनु कुमार, स्थानीय निवासी
नगर निगम का जवाब
यह समस्या मेरे ध्यान में आई है। नाले की सफाई जल्द ही करवाई जाएगी और इसे ढकने के लिए भी कार्य किया जाएगा। -मनोज कुमार, संयुक्त आयुक्त नगर निगम ऊना