लोगों को करना पड़ रहा है दिक्कतों का सामना
संवाद न्यूज एजेंसी
ऊना। उपमंडल अंब के तहत आने वाले पंजोआ-टकारला संपर्क मार्ग पर जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे पड़ गए हैं, जिससे आमजन को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। बारिश के मौसम में इन गड्ढों में पानी भर जाता है, जिससे सड़क से गुजरने वालों के कपड़े भी खराब हो जाते हैं और हादसे का खतरा बना रहता है। स्थानीय लोगों का कहना है कि करीब एक माह से यह समस्या बनी हुई है, लेकिन लोक निर्माण विभाग की ओर से अब तक कोई कार्रवाई नहीं की गई है। सड़क की हालत इतनी खराब हो चुकी है कि वाहन चालकों को हर समय सावधानी से चलना पड़ता है। यह मार्ग ऊना को प्रसिद्ध गुग्गा मंदिर से जोड़ता है और रोजाना सैकड़ों वाहन यहां से गुजरते हैं। स्थानीय निवासी प्रेम चंद, राजेश कुमार, दीक्षा शर्मा, विकास कुमार, नवीन कुमार व मोहित आदि ने संबंधित विभाग से जल्द समाधान की मांग की है।
यह मामला मेरे ध्यान में आया है। मौसम खुलते ही इस समस्या का समाधान करवाया जाएगा ताकि लोगों को दिक्कतों का सामना न करना पड़े।-ई. सुखविंद्र सिंह, सहायक अभियंता, लोक निर्माण विभाग, अंब