ऊना के एमसी पार्क पार्किग में लगी कुल्लू शाल की खरीदारी करते हुए ग्राहक ।संवाद
नगर निगम प्रबंधन नहीं कर रहा कोई कार्रवाई
मिनी सचिवालय से कुछ ही दूरी पर पार्किंग में लग रही सेल प्रदर्शनी
शहर की प्रमुख पार्किंग में नियमों की सरेआम अनदेखी
संवाद न्यूज एजेंसी
ऊना। जिला मुख्यालय में प्रशासन की ओर से जिले भर में अतिक्रमण और अवैध पार्किंग को लेकर लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसके अलावा जिले में चौपहिया वाहनों के लिए आधे घंटे के लिए दस रुपये पार्किंग शुल्क भी तय किया गया है। लेकिन, हालात इसके विपरीत हैं। मिनी सचिवालय से कुछ ही दूरी पर नगर निगम की प्रमुख पार्किंग में टेंट लगाकर अस्थायी दुकानें और प्रदर्शनी लगाई जा रही है। नियमों के अनुसार पार्किंग क्षेत्रों में रेहड़ी फड़ी या अस्थायी दुकानें लगाने की अनुमति नहीं है। बावजूद इसके न तो प्रशासन और न ही नगर निगम इस पर कोई कार्रवाई कर रहे हैं।
जानकारी के अनुसार यह वही पार्किंग है जहां एक साल पहले भी ठेकेदार की ओर से रेहड़ियां लगाई गई थीं। उस समय नगर निगम ने सख्त कार्रवाई की थी। वर्तमान में प्रशासन ने शहर को अतिक्रमण मुक्त बनाने के लिए मिनी सचिवालय से चौक ओम भुजिया भंडार तक के क्षेत्र को नॉन-वेंडिंग जोन घोषित किया है और अन्य रेहड़ियों को वेंडर जोन में शिफ्ट कर दिया है। लेकिन, शहर की सबसे प्रमुख पार्किंग में नियमों की अनदेखी जारी है। यह पार्किंग मिनी सचिवालय से मात्र 100 मीटर की दूरी पर स्थित है, जहां दिन भर अधिकारियों का आवागमन रहता है।
कोट्स
नगर निगम की पार्किंग में प्रदर्शनी और रेहड़ी फड़ी लगाना नियमों के खिलाफ है। इस मामले में जल्द ही कार्रवाई की जाएगी। -मनोज कुमार, संयुक्त आयुक्त, नगर निगम ऊना