रामनगर नकड़ोह में मतदाता साक्षरता क्लब के सदस्य जागरूकता रैली निकालते हुए। स्रोत : संस्थान
दौलतपुर चौक (ऊना)। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला रामनगर नकड़ोह में आज मतदाता साक्षरता क्लब द्वारा छात्रों को लोकतांत्रिक मूल्यों और मतदान के महत्व के प्रति जागरूक किया गया। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के प्रवक्ता जरनैल सिंह ने बच्चों को लोकतंत्र की अवधारणा, उसकी आवश्यकताओं और नागरिकों की भूमिका के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी।
उन्होंने कहा कि लोकतंत्र तभी मजबूत होता है जब नागरिक जागरूक हों और अपने अधिकारों के साथ कर्तव्यों का भी पालन करें। इसी संदेश को आगे बढ़ाते हुए उन्होंने छात्रों को लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर विद्यालय के कार्यवाहक प्रधानाचार्य संजीव कुमार सहित स्टाफ सदस्य भी मौजूद रहे। कार्यक्रम के उपरांत बच्चों और अध्यापकों ने जागरूकता रैली निकाली, जिसमें स्थानीय लोगों को लोकतंत्र को सुदृढ़ बनाने तथा मतदान के प्रति सजग रहने का संदेश दिया गया। संवाद