श्रद्धालुओं को भी मिली बड़ी सहूलियत
वर्ष 2024 में 4.66 करोड़ तो 2025 में 6.09 करोड़ तक पहुंची आय
संवाद न्यूज एजेंसी
भरवाईं (ऊना)। माता चिंतपूर्णी मंदिर में 8 अगस्त 2023 से सुगम दर्शन पास की व्यवस्था शुरू की गई, जिससे श्रद्धालुओं को लंबी कतारों से राहत मिली। शुरुआत में वीआईपी पास, 65 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों (ओल्ड एज पास) और दिव्यांग श्रद्धालुओं के लिए विशेष पास की सुविधा थी।
2024 के बाद नियमों में बदलाव किए गए। वर्तमान में सामान्य सुगम दर्शन पास 300 रुपये, ओल्ड एज और दिव्यांग पास 100 रुपये, जबकि भीड़-भाड़ वाले दिनों और नवरात्रों में वीआईपी पास 500 रुपये प्रति व्यक्ति है।
इस व्यवस्था से मंदिर न्यास को आय भी बढ़ी। वर्ष 2024 में इसका राजस्व 4.66 करोड़ रुपये और 2025 में 6.09 करोड़ रुपये रहा। वित्त एवं लेखा अधिकारी राजेंद्र कटोच ने बताया कि सुगम दर्शन पास ने श्रद्धालुओं की सुविधा बढ़ाई और मंदिर के लिए आय का सशक्त स्रोत बन गई है।