जनसभा को संबोधित करते उद्योग मंत्री।
- फोटो : अमर उजाला
उद्योग मंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने स्थानीय पंचायत की मांग पर विभिन्न विकास कार्यों के लिए करीब दस लाख रुपये की राशि स्वीकृत की। इसके अतिरिक्त उन्होंने गांव में सामुदायिक भवन निर्मित करने का भी एलान किया। उन्होंने पंचायत के सबुआणा वार्ड में एक नया पानी का टैंक निर्मित करने की भी स्वीकृति प्रदान की। इसके अलावा पंचायत में स्थापित 20-25 साल पुराने ट्यूबवेल को भी चरणबद्ध तरीके से बदलने का आश्वासन दिया। उद्योग मंत्री वीरवार को ग्राम पंचायत हरोली में लोगों की समस्याएं सुनने के अवसर पर उपस्थित जनसमूह को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि हरोली हलके के विकास की चर्चा पूरे प्रदेश भर में हो रही है।
यहां की प्राचीन विरासत टोबों को नए स्वरूप में विकसित किया जा रहा है। एक ओर जहां जगह-जगह खूबसूरत मसूरी शैली के रेन शेल्टर निर्मित किए जा रहे हैं, वहीं हलके में एसडीएम और डीएसपी सहित सभी महत्वपूर्ण विभागों के कार्यालय हरोली में स्थापित किए गए हैं। उन्होंने कहा कि हरोली में 13 करोड़ रुपये की लागत से सिविल अस्पताल के भवन का निर्माण कार्य प्रगति पर है तथा आगामी जून के अंत तक तैयार कर लिया जाएगा। हरोली और ऊना के बीच की दूरी कम करने वाला स्वां नदी पर 56 करोड़ रुपये की लागत से एक नया पुल स्वीकृत किया गया है, जिसका निर्माण कार्य आगामी 14 माह में पूर्ण कर लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि हरोली हलके में अब ईसपुर और दुलैहड़ दो उपतहसीलें हो गई हैं, जिससे लोगों को राजस्व से संबंधित कार्यों के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा।
हलके में टाहलीवाल की तर्ज पर पंडोगा में 150 करोड़ रुपये की लागत से नया औद्योगिक क्षेत्र विकसित किया जा रहा है, जिससे इस हलके सहित जिला और प्रदेश के युवाओं को रोजगार के नए अवसर हासिल होंगे। इस अवसर पर डीएसपी अमित शर्मा, जिला स्वास्थ्य अधिकारी निखिल शर्मा, बीएमओ डॉ. मनकोटिया, जिला कांग्रेस के वरिष्ठ उपाध्यक्ष अशोक ठाकुर, कांगड़ के पूर्व प्रधान विनोद बिट्टू, हरोली की विजय कुमारी, उपप्रधान सतनाम सिंह, मास्टर किशन, बलवीर सिंह, युवा कांग्रेस पूर्व प्रधान दिनेश सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं क्षेत्र के कई ेलोग उपस्थित रहे।