भरवाईं (ऊना)। धार्मिक नगरी चिंतपूर्णी के पुराना बस स्टैंड के समीप सीवरेज चैंबर के ब्लॉक होने से गंदा पानी सड़क पर बहने लगा, इससे स्थानीय दुकानदारों और राहगीरों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। सूचना मिलने पर सोमवार को मंदिर प्रशासन ने सफाई कर्मचारियों को मौके पर भेजकर सीवरेज चैंबर की सफाई करवाकर निकासी व्यवस्था को सुचारु करवाया।
जानकारी अनुसार चैंबर के ओवरफ्लो होने से क्षेत्र में गंदगी फैल गई और आसपास दुर्गंध का माहौल बन गया। स्थानीय दुकानदारों विनोद कालिया, वासुदेव, सतीश कालिया सहित अन्य ने बताया कि यह समस्या नई नहीं है। सीवरेज चैंबर पहले भी कई बार ब्लॉक हो चुका है। विभाग द्वारा इसे अस्थायी रूप से खोल दिया जाता है लेकिन कुछ समय बाद फिर से वही स्थिति पैदा हो जाती है। दुकानदारों का कहना है कि सीवरेज का गंदा पानी उनकी दुकानों के सामने तक पहुंच जाता है जिससे कारोबार प्रभावित होता है। दुकानदारों ने संबंधित विभाग और प्रशासन से मांग की है कि बार-बार अस्थायी समाधान करने के बजाय इस समस्या का स्थायी समाधान निकाला जाए। वहीं मौके पर पहुंचे सुलभ इंटरनेशनल कंपनी के इंचार्ज अभय कुमार ने बताया कि सीवरेज पाइप में पत्थर फंस जाने के कारण निकासी बाधित हो गई थी, जिसे साफ कर चैंबर को खोल दिया गया है।