ऊना। जिला ऊना में अंडर-19 छात्राओं के जोनल स्तरीय खेल प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए शिक्षा विभाग ने शारीरिक शिक्षा प्रवक्ताओं, डीपीई और पीईटी की ड्यूटी निर्धारित कर दी है।
विभाग की ओर से जारी कार्यालय आदेश के अनुसार हरोली एवं ऊना जोन का छात्राओं की जोनल स्तरीय प्रतियोगिता 30 अगस्त से एक सितंबर 2026 तक राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय संतोषगढ़ में आयोजित होगी। आदेश के मुताबिक सभी संबंधित स्कूलों के प्रधानाचार्यों को नियुक्त अधिकारियों को समय पर कार्यमुक्त करने के निर्देश दिए गए हैं।
अंडर-19 छात्राओं के टूर्नामेंट के लिए अधिकारियों को 29 अगस्त की दोपहर बाद आयोजन स्थल पर पहुंचने के निर्देश हैं। आयोजन से संबंधित अधिकारी पूरे जोनल प्रतियोगिता के दौरान अपनी ड्यूटी पर उपस्थित रहेंगे। विभाग ने बहड़ाला स्कूल के डीपीई मनोज राणा को समन्वयक नियुक्त किया है।
वहीं जखेड़ा स्कूल के बिशम पाल को सहायक समन्वयक, संतोषगढ़ स्कूल के प्रवीन कुमार को परेड कमांडर तथा हरोली स्कूल के राजिंदर कुमार को ऊना जोन के लिए ऑफिस का काम और पात्रता फार्म की जांच की जिम्मेदारी दी गई।
उपनिदेशक जिला उच्च शिक्षा विभाग अनिल तक्खी ने बताया कि आयोजन स्थल के समन्वयक की ओर से सौंपी जाने वाली अतिरिक्त ड्यूटी का भी सभी को पालन करना होगा। बैडमिंटन प्रतियोगिता के लिए राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल-2 ऊना के विनोद कुमार को संयोजक बनाया गया है।
सतीश कुमार, विजय कुमार, विजय बहादुर, जितेंद्र कुमार और संजीव कुमार को ओएसडी की जिम्मेदारी सौंपी गई है। शतरंज में पुबोवाल स्कूल के अजय कटारिया संयोजक होंगे, जबकि शाम लाल, कुल्याश राय, गुरमुख सिंह, दर्शन सिंह, देव गुरु और सुप्रिया वशिष्ठ ओएसडी के रूप में ड्यूटी निभाएंगे।