फाउंडेशन ने स्वास्थ्य विभाग को दिए विभिन्न उत्पादों के सैंपल
पहले चरण में स्वास्थ्य विभाग को पांच मरीजों के लिए उत्पाद सौंपे
एक माह तक मरीजों को आहार उपलब्ध करवाया जाएगा
आशुतोष डोगरा
ऊना। जिले में टीबी मरीजों को उपचार के साथ-साथ अब हाई प्रोटीन डाइट भी उपलब्ध करवाई जाएगी। इस डाइट में हाई प्रोटीन मिश्रित पंजीरी, पीनट बार सहित अन्य पौष्टिक उत्पाद शामिल रहेंगे। इन्हें मरीजों तक पहुंचाने का जिम्मा कृष्णा सच्चखंड फाउंडेशन ने उठाया है।
पहले चरण में फाउंडेशन ने स्वास्थ्य विभाग को पांच मरीजों के लिए ये उत्पाद सौंपे हैं। एक माह तक इन मरीजों को यह आहार उपलब्ध करवाया जाएगा। इसके बाद स्वास्थ्य विभाग उनकी सेहत पर इसके प्रभाव का आकलन करेगा। यदि सकारात्मक परिणाम मिले तो जिले के सभी टीबी मरीजों को यह सुविधा दी जाएगी।
वर्तमान में जिले में 422 मरीज टीबी का उपचार ले रहे हैं। दवाइयां आशा वर्करों की मदद से समय-समय पर मरीजों तक पहुंचाई जाती हैं। साथ ही निक्षय मित्र भी उनकी सहायता कर रहे हैं। अब हाई प्रोटीन डाइट उपलब्ध होने से मरीजों को बीमारी से लड़ने में अतिरिक्त सहयोग मिलेगा।
ये उत्पाद सीएसआईआर-आईएचबीटी पालमपुर की ओर से तैयार किए गए हैं और इन्हें विशेष रूप से टीबी मरीजों की पोषण संबंधी जरूरतों को ध्यान में रखकर बनाया गया है।
कोट्स
आगामी दिनों में जिले के टीबी मरीजों को हाई प्रोटीन डाइट उत्पाद मुहैया करवाए जाएंगे। इसके लिए नंगल की कृष्णा सच्चखंड फाउंडेशन आगे आई है। पांच मरीजों को शुरुआत में यह उत्पाद दिए जाएंगे। अगर इसके परिणाम अच्छे आते हैं तो सभी मरीजों को इसका लाभ मिलेगा। -डॉ. विशाल ठाकुर, जिला क्षय रोग अधिकारी, ऊना