नंदपुर (ऊना)। कुठेड़ा खैरला स्थित शाइन स्विमिंग पूल अकादमी में शनिवार को तृतीय राज्य स्तरीय तैराकी चैंपियनशिप- 2026 के चयन ट्रायल संपन्न हुए। प्रतियोगिता में जिला ऊना सहित आसपास के क्षेत्रों के खिलाड़ियों ने विभिन्न आयु वर्गों में भाग लेकर राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए अपनी दावेदारी पेश की। चयन ट्रायल का शुभारंभ चिंतपूर्णी विधायक सुदर्शन सिंह बबलू, ग्राम पंचायत कुठेड़ा खैरला की प्रधान सुशीला देवी, उपप्रधान विकास तथा उनके साथ आए कांग्रेस और लाडली फाउंडेशन के पदाधिकारियों ने किया। प्रतियोगिता में 25, 50 एवं 100 मीटर फ्री स्टाइल, बैकस्ट्रोक और बटरफ्लाई स्पर्धाओं का आयोजन किया गया। 50 मीटर फ्री स्टाइल (ग्रुप 9 -12) में संचित चौधरी प्रथम, वीर द्वितीय तथा दिव्यांश तृतीय रहे। 50 मीटर फ्री स्टाइल (ग्रुप 8-10) में अक्षत चौहान और 50 मीटर बैकस्ट्रोक (ग्रुप 17-18) में अंकित प्रथम रहे। 25 मीटर फ्री स्टाइल ( ग्रुप 11-13) में संचित चौधरी और बटरफ्लाई (ग्रुप 8-10) में अक्षत चौहान प्रथम रहे। 25 मीटर फ्रीस्टाइल (ग्रुप 8-10) में वीर अरशद प्रथम, अक्षित द्वितीय तथा आर्यन तृतीय रहे।
इसके अलावा 100 मीटर फ्रीस्टाइल में सक्षम ठाकुर प्रथम रहे। 25 मीटर बैकस्ट्रोक में वीर प्रथम तथा दिव्यांश द्वितीय रहे। गर्ल्स 25 मीटर फ्री स्टाइल और बैकस्ट्रोक में तन्वी प्रथम, प्रिशा द्वितीय तथा अर्शिता तृतीय रहीं। वहीं 50 मीटर फ्री स्टाइल में तन्वी ने स्वर्ण पदक हासिल किया। प्रतियोगिता का समापन एसडीएम अंब परस अग्रवाल तथा युवा कांग्रेस नेता राघव राणा ने किया। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में इस प्रकार के आयोजन प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने का बेहतर मंच उपलब्ध करवा रहे हैं। अकादमी अध्यक्ष रशीद मोहम्मद ने कहा कि अकादमी भविष्य में भी इस प्रकार की प्रतियोगिताओं का आयोजन कर क्षेत्र की प्रतिभाओं को राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाने का प्रयास करती रहेगी।