ऊना। क्षेत्रीय अस्पताल में स्वास्थ्य सेवाओं को आधुनिक बनाने की दिशा में अहम पहल की जा रही है। अब अस्पताल में कार्यरत सभी चिकित्सकों को टैबलेट वितरित किए जाएंगे जिससे मरीजों के उपचार की प्रक्रिया को डिजिटल और अधिक सुगम बनाया जा सकेगा। इस नई व्यवस्था के तहत मरीजों की आभा आईडी के माध्यम से उनकी पूरी मेडिकल हिस्ट्री चिकित्सकों के सामने एक क्लिक पर उपलब्ध हो जाएगी। इससे मरीजों को बार-बार अपनी पुरानी रिपोर्टें और पर्चियां साथ लाने की जरूरत नहीं पड़ेगी, वहीं चिकित्सकों को भी सटीक और त्वरित उपचार देने में मदद मिलेगी। टैब के जरिए डॉक्टर सीधे डिजिटल प्लेटफॉर्म पर मरीजों का रिकॉर्ड देख सकेंगे। इसमें मरीज की पूर्व बीमारियां, जांच रिपोर्ट, दवाइयों का विवरण और उपचार का पूरा इतिहास शामिल होगा। इससे इलाज की गुणवत्ता में सुधार आने के साथ-साथ समय की भी बचत होगी।
इस पहल से खासकर उन मरीजों को राहत मिलेगी, जो लंबे समय से किसी गंभीर बीमारी का इलाज करवा रहे हैं और जिनकी फाइलें अक्सर अधूरी या गुम हो जाती हैं। अब आभा आईडी के जरिए उनकी पूरी जानकारी सुरक्षित और सुलभ रहेगी। डिजिटल स्वास्थ्य सेवाओं को बढ़ावा देने के उद्देश्य से यह कदम उठाया जा रहा है। आने वाले समय में इससे अस्पताल की कार्यप्रणाली में पारदर्शिता बढ़ेगी और मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकेंगी।
क्षेत्रीय अस्पताल में चिकित्सकों को टैब वितरित किए जाएंगे। इसके तकनीकी कार्यों को पूरा किया जा रहा है। जल्द ही यह सुविधा शुरू कर दी जाएगी।
-डॉ. संजय मनकोटिया, चिकित्सा अधीक्षक क्षेत्रीय अस्पताल ऊना।