कुल्लू में पीपल जातर के प्लांट की नीलामी में भाग लेते व्यापारी।
कुल्लू। पीपल जातर मेले को लेकर नगर परिषद की ओर से जारी नीलामी प्रक्रिया के तहत दूसरे दिन शुक्रवार को फड़ी मार्केट की बोली लगाई गई। इस दौरान 13 बोलीदाताओं ने हिस्सा लिया और जमकर प्रतिस्पर्धा देखने को मिली। बोली की शुरुआत 28 लाख 55 हजार 6 सौ रुपये से हुई, जो बढ़ते-बढ़ते 39 लाख 1 हजार रुपये पर जाकर थम गई। इसके साथ ही नगर परिषद ने फड़ी मार्केट को अंतिम रूप से नीलाम कर दिया।
नगर परिषद के कनिष्ठ अभियंता सचिन ठाकुर ने कहा कि मेले को लेकर तैयारियां अब तेज हो गई हैं। 28 अप्रैल से शुरू होने वाले पीपल जातर मेले के लिए ढालपुर मैदान में दुकानें सजनी शुरू हो गई हैं, जबकि प्लॉट आवंटन का कार्य भी जारी है। उन्होंने बताया कि शुक्रवार को फड़ी मार्केट की नीलामी की गई जो जीएसटी के साथ 39 लाख 1 हजार में रुपये बिकी। मेले के नजदीक आते ही ढालपुर क्षेत्र में रौनक बढ़ने लगी है।
पीपल जातर मेला 28 से 30 अप्रैल तक आयोजित किया जाएगा, जबकि इसकी चहल-पहल मई के आखिरी सप्ताह तक बनी रहने की संभावना है। प्रशासन मेले के सफल आयोजन के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने में जुटा हुआ है।