अभिभावकों ने जताई चिंता, नैहरी-नौरंगा क्षेत्र से एक बच्ची के लापता होने का अभी तक सुराग नहीं
संवाद न्यूज एजेंसी
नंदपुर (ऊना)। अंब के कुठेड़ा खैरला स्थित एक निजी स्कूल के मुख्य द्वार के पास शनिवार सुबह कुछ संदिग्ध प्रवासी युवकों को स्कूल के भीतर झांकते हुए देखा गया। बच्चों को छोड़ने आए अभिभावकों ने तुरंत स्कूल प्रबंधन को सूचना दी। हाल ही में नैहरी-नौरंगा क्षेत्र से एक बच्ची के लापता होने का मामला सामने आया है, इसलिए अभिभावकों में सुरक्षा को लेकर गहरी चिंता है।
प्रधानाचार्य रश्मि राजपूत ने बताया कि स्टाफ ने दो व्यक्तियों को स्कूल की ओर झांकते देखा और स्थिति गंभीर होने पर प्रशासन को शिकायत दी जाएगी। पंचायत प्रधान शालिनी गोस्वामी ने कहा कि ये लोग कई दिनों से किराये पर रह रहे हैं, लेकिन पुलिस सत्यापन नहीं कराया है। मकान मालिकों को लिखित नोटिस जारी किया जाएगा। डीएसपी अंब अनिल पटियाल ने मामले की जांच का आश्वासन दिया। कहा कि खुद मौके पर जाकर जांच करूंगा।
लापता बच्ची का मामला सामने है और यहां स्कूल के बाहर ऐसी गतिविधि से किसे चिंता नहीं होगी। प्रशासन को तुरंत एक्शन लेना चाहिए। -गौरव शर्मा, अभिभावक।
शनिवार सुबह बच्चों को छोड़ते वक्त इन्हें देख कर शक हुआ। हालात सामान्य नहीं हैं। सुरक्षा के साथ खिलवाड़ नहीं हो सकता।
-कार्तिक सोंखला, अभिभावक
स्कूल क्षेत्र में बिना पहचान वाले लोगों की मौजूदगी गंभीर लापरवाही है। पुलिस को तुरंत सत्यापन अनिवार्य करना चाहिए।
राहुल कुमार, अभिभावक।
बच्चों की सुरक्षा सर्वोपरि है। जब माहौल पहले से तनावपूर्ण है, तब हर संदिग्ध गतिविधि को गंभीरता से लेना जरूरी है। -शालिनी शर्मा, अभिभावक