राजकुमार की याचिका पर करवाई गई मतगणना, विनय के 21 में रह गए 13 मत
अप्रत्याशित घटनाक्रम के बाद सतीश गोगी गुट का पलड़ा भारी
संवाद न्यूज एजेंसी
गगरेट (ऊना)। जिले की सबसे बड़ी ट्रांसपोर्ट सोसायटी विशाल हिमाचल गुड्स ट्रांसपोर्ट सोसायटी के प्रबंधक समिति चुनाव में शुक्रवार को वार्ड नंबर दो में अप्रत्याशित परिणाम सामने आया। अतिरिक्त पंजीयक सहकारी सभाएं संदेश बाला ने इस वार्ड के लिए मतगणना दोबारा करवाई, जिसमें विनय कुमार के बजाय अब राज कुमार को विजेता घोषित किया गया। वहीं, वार्ड नंबर छह के परिणाम यथावत रहे। इस अप्रत्याशित घटनाक्रम के बाद सतीश गोगी गुट का पलड़ा भारी हो गया है, जबकि विनय कुमार ने इसे लोकतंत्र की हत्या करार देते हुए अतिरिक्त पंजीयक के फैसले को न्यायालय में चुनौती देने का एलान किया है।
जानकारी के अनुसार चुनाव में सतीश गोगी गुट के चार और संजय गुट के तीन उम्मीदवार जीतने में सफल रहे। वार्ड दो में कांटे की टक्कर में विनय कुमार दो मतों से जीत रहे थे। हार का सामना करने वाले राज कुमार और वार्ड छह के शशिपाल ने अतिरिक्त पंजीयक के पास याचिका दायर की। दोबारा मतगणना में वार्ड छह के परिणाम जस के तस रहे, लेकिन वार्ड दो में बदलाव आया। शुरुआती मतगणना में विनय कुमार को 21 और राज कुमार को 19 मत मिले थे। पुनर्गणना में राज कुमार के दो मत और विनय कुमार के आठ मत अवैध घोषित किए गए। परिणामस्वरूप, विनय कुमार के 13 और राज कुमार के 17 वैध मत रहे, जिससे राज कुमार विजेता बने। राज कुमार ने इसे साजिश का परिणाम बताया, जबकि विनय कुमार ने कहा कि मतगणना के समय दोनों उम्मीदवारों के एजेंट और विभाग के कर्मचारी मौजूद थे, फिर भी अवैध वोटों की गिनती हुई। उन्होंने इसे लोकतंत्र की हत्या करार देते हुए फैसले को अदालत में चुनौती देने की बात कही।