स्वदेशी अपनाओ, विदेशी भगाओ की उठाई तख्तियां
संवाद न्यूज एजेंसी
ऊना। स्वदेशी जागरण मंच जिला ऊना के तत्वावधान में शुक्रवार को मैहतपुर स्थित माउंट एवरेस्ट स्कूल में स्वदेशी संकल्प दौड़ का सफल और गरिमामय आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों के माध्यम से लोगों में स्वदेशी विचारधारा के प्रति जागरूकता उत्पन्न करना और आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाना रहा। इस अवसर पर विद्यार्थियों ने स्वदेशी अपनाओ, विदेशी भगाओ जैसे प्रेरणादायी नारों से युक्त तख्तियां हाथ में लेकर रेलवे रोड, मैहतपुर से मुख्य बाजार, मैहतपुर तक अनुशासित ढंग से दौड़ निकाली। इस दौरान क्षेत्र में सकारात्मक जन जागरूकता का संदेश व्यापक रूप से फैलाया गया।
कार्यक्रम में विद्यालय के एमडी सुभाष राणा ने विद्यार्थियों से दैनिक जीवन में स्वदेशी उत्पादों के उपयोग को प्राथमिकता देने का आह्वान किया। प्रधानाचार्य किरण राणा ने अपने संबोधन में कहा कि विद्यालय स्तर पर बच्चों को नियमित रूप से स्वदेशी वस्तुओं के प्रयोग के लिए प्रेरित किया जाएगा और प्रार्थना सभाओं के माध्यम से भी इस विषय पर निरंतर जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। स्वदेशी जागरण मंच जिला ऊना के जिला पूर्णकालिक प्रशिक्षक सत्यदेव शर्मा ने विशेष रूप से इस कार्यक्रम में भाग लिया। उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि स्वदेशी केवल एक आर्थिक आंदोलन नहीं है, बल्कि राष्ट्र निर्माण से जुड़ा हुआ एक व्यापक विचार है।