सलोह बेरी स्कूल में वार्षिक समारोह में गिद्दा प्रस्तुति देती छात्राएं। स्रोत : संस्थान
रेडक्रॉस सोसायटी की सदस्य मृदु शर्मा ने मेधावियों को सम्मानित किया
संवाद न्यूज एजेंसी
बंगाणा (ऊना)। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला सरोह और राजकीय उच्च पाठशाला कोट में शनिवार को वार्षिक पुरस्कार वितरण समारोह आयोजित किया गया। जिला ऊना रेडक्रॉस सोसायटी की सक्रिय सदस्य एवं कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र की वरिष्ठ समाजसेविका मृदु शर्मा ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। विद्यालय पहुंचने पर उनका प्रबंधन समिति, अध्यापकों और विद्यार्थियों ने स्वागत किया। कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन से हुई, जबकि विद्यार्थियों ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से सभी का मन मोह लिया।
मृदु शर्मा ने मेधावी छात्रों को पुरस्कार वितरित कर उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि छात्रों की सफलता परिश्रम, शिक्षकों के मार्गदर्शन और अभिभावकों के सहयोग का परिणाम होती है। उन्होंने शिक्षा को समाज की प्रगति का आधार बताते हुए कहा कि कुटलैहड़ क्षेत्र शिक्षा के क्षेत्र में नई पहचान बना रहा है तथा स्कूलों की समस्याओं का समाधान प्राथमिकता से किया जाएगा। उन्होंने छात्रों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए इनके सर्वांगीण विकास में महत्व बताया। राजकीय उच्च पाठशाला कोट के लिए 5100 रुपये तथा सरोह विद्यालय में सांस्कृतिक गतिविधियों के लिए 11,000 रुपये की सहायता राशि देने की घोषणा की। कार्यक्रम के अंत में विद्यालय प्रबंधन समिति ने मुख्य अतिथि का आभार व्यक्त किया। छात्रों की ओर से प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रमों की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रम बच्चों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। छात्रों ने देशभक्ति गीत, लोकनृत्य, एकांकी और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से सामाजिक संदेश भी दिए, जिन्हें उपस्थित लोगों ने खूब सराहा।