बंगाणा (ऊना)। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय हटली में शुक्रवार को अग्निशमन विभाग बंगाणा की टीम ने आपदा प्रबंधन जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। इस दौरान विद्यार्थियों को आगजनी की घटनाओं से बचाव, आपात स्थिति में उठाए जाने वाले कदमों और सुरक्षित निकासी के बारे में जानकारी दी गई।
अग्निशमन कर्मियों प्रदीप सिंह, अवतार सिंह और पंकज कुमार ने आग लगने के विभिन्न कारणों के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि बिजली के उपकरणों का गलत इस्तेमाल, गैस सिलेंडर से रिसाव और ज्वलनशील पदार्थों को असुरक्षित स्थान पर रखना आगजनी का कारण बन सकता है। टीम ने विद्यार्थियों को समझाया कि आग लगने पर घबराने के बजाय संयम बनाए रखें और तुरंत आसपास के लोगों को सूचित करें। विद्यालय परिसर में आग लगने की स्थिति में निर्धारित सुरक्षित रास्तों से बाहर निकलें और धक्का-मुक्की से बचें। आग बुझाने के प्रयास में अपनी जान जोखिम में न डालें और आवश्यकता पड़ने पर अग्निशमन विभाग की सहायता लें।
प्रधानाचार्य डॉ. सतीश शर्मा ने कहा कि आपदा प्रबंधन की जानकारी प्रत्येक विद्यार्थी के लिए आवश्यक है। जागरूकता और समय पर सही कदम उठाकर बड़ी दुर्घटनाओं से बचा जा सकता है।
इस अवसर पर डीपी यशवंत परमार, ताज मोहम्मद, कंचन गौतम, मीना, नीना सहित विद्यालय के अन्य अध्यापक उपस्थित रहे।