हरोली (ऊना)। उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने शनिवार को न्यू हरोली में करीब 100 करोड़ रुपये की लागत से विकसित की जा रही विभिन्न विकास परियोजनाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को सभी कार्य निर्धारित समयसीमा में गुणवत्ता से पूरा करने के निर्देश दिए।
निर्माणाधीन सिंथेटिक ट्रैक और हेलिपोर्ट का कार्य 30 अप्रैल से पहले पूरा करने का लक्ष्य है। सिंथेटिक ट्रैक का करीब 40 फीसदी कार्य पूरा हो चुका है। दिसंबर तक 60 फीसदी कार्य पूरा करने का लक्ष्य है, जिसमें जरूरी स्ट्रक्चर तैयार होगा। मौसम अनुकूल रहने पर गर्मियों में सिंथेटिक सतह बिछाने का काम शुरू होगा। हेलिपोर्ट को भी अप्रैल तक तैयार करने का लक्ष्य रखा गया है। न्यू हरोली परिसर को आधुनिक सुविधाओं से युक्त केंद्र के रूप में विकसित किया जा रहा है। यहां इनडोर स्टेडियम, मेला ग्राउंड, ऑटोमेटेड टेस्टिंग स्टेशन, सैनिक भवन, उद्योग भवन और जल शक्ति विभाग का एसई कार्यालय बन रहा है।
मुकेश अग्निहोत्री ने परिसर में पानी की निकासी के लिए स्थायी व्यवस्था करने के निर्देश दिए। सभी परियोजनाओं को आपस में जोड़ने के लिए रिंग रोड प्रस्तावित है। रामपुर पुल से हरोली की ओर गोल चक्कर भी बनाया जाएगा। रामपुर पुल से हरोली जल शक्ति भवन तक विकास पथ का निर्माण किया जा रहा है। इन परियोजनाओं से हरोली में खेल, सामाजिक, प्रशासनिक और अन्य आधुनिक सुविधाओं का विस्तार होगा।