ऊना से दिल्ली जाने वाली जनशताब्दी एक्सप्रेस ट्रेन का राय मैहतपुर रेलवे स्टेशन पर ठकराव बनाने को लेकर जिला परिषद की बैठक में प्रस्ताव पारित करके इस मांग की बाबत स्टेशन अधीक्षक को प्रस्ताव भेजा गया है।
प्रस्ताव की प्रति रेलवे बोर्ड के आला अधिकारियों को भेजकर इलाके की दर्जन भर ग्राम पंचायतों की इस प्रमुख मांग को उठाया गया है। जिला परिषद के सचिव रमन शर्मा ने इस बात की पुष्टि की है। इलाके की एक दर्जन से ज्यादा ग्राम पंचायतों के नागरिकों को सुबह तथा रात्रि के वक्त आने जाने वाली जनशताब्दी ट्रेन के राय मैहतपुर स्टेशन न रुकने के कारण खासी दिक्कत पेश आ रही है।
इस ट्रेन का ऊना तथा नंगल में ही ठहराव है, जिसके चलते इस इलाके के लोगों को ट्रेन पकड़ने के लिए 15 से 20 किलोमीटर दूर ऊना अथवा दूसरी ओर पंजाब सूबे के नंगल डैम में 7से 10 किलोमीटर का सफर तय करके पहुंचना पड़ता है। यही समस्या दिल्ली से आने वाले यात्रियों को पेश आती है। मैहतपुर, बसदेहड़ा, रायपुर सहोड़ां, देहलां, जखेड़ा, मोरबड़, भटोली, हंडोला, बडहला, चताड़ा, चढ़तगढ़, उदयपुर, नंगड़ा, संतोषगढ़ आदि कई अन्य ग्राम पंचायतों के नागरिकों को पंजाब के नंगल स्टेशन अथवा ऊना स्टेशन पर उतरना पड़ता है, जिससे उन्हें घर तक पहुंचने के लिए परेशानी उठानी पड़ती है।
चढ़तगढ़ तथा खानपुर ग्राम पंचायतों ने इस बाबत प्रस्ताव पारित करके जिप सदस्य पंकज सहोड़ को सौंपा था। चढ़तगढ़ की पंचायत प्रधान आरती एरी तथा खानपुर के पंचायत प्रधान योगराज ने पारित प्रस्तावों के जरिए मांग उठाते हुए कहा था कि जनशताब्दी के राय मैहतपुर में न रुकने के कारण रात्रि के वक्त इलाके के लोगों को खासी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। उधर, जिप सदस्य पंकज सहोड़ ने कहा कि इलाके के हजारों लोगों की उक्त मांग जायज एवं प्रमुख है। लिहाजा इस मसले को उन्होंने जिप बैठक में जोर-शोर से उठाया है। जिप बैठक में उक्त मांग की बाबत प्रस्ताव पारित करके स्टेशन अधीक्षक के माध्यम से रेलवे बोर्ड के आला अफसरों को भेजा गया है।