ऊना। जिला मुख्यालय के पास चंडीगढ़-धर्मशाला नेशनल हाईवे के किनारे जमा गंदा पानी स्थानीय लोगों के लिए जी का जंजाल बन गया है। हालात ऐसे हैं कि आसपास रहने वाले लोगों और दुकानदारों का अपने घरों में बैठना तक मुश्किल हो गया है। नाले में लंबे समय से जमा गंदे पानी से उठने वाली बदबू ने लोगों का जीना मुहाल कर दिया है। वहीं, मक्खी-मच्छरों की भरमार के साथ-साथ जहरीले सांपों का खतरा भी लगातार बना हुआ है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि गंदे पानी की निकासी का उचित प्रबंध न होने के कारण यह समस्या विकराल रूप धारण कर चुकी है। कई बार संबंधित अधिकारियों के समक्ष मामला उठाने के बावजूद कोई स्थायी समाधान नहीं हुआ। अब लोगों ने प्रशासन से इस समस्या का जल्द समाधान करने की गुहार लगाई है।
ऊना जिला मुख्यालय में चंडीगढ़-धर्मशाला नेशनल हाईवे के किनारे की यह तस्वीर व्यवस्था के दावों की पोल खोल रही है। यहां एक नाले में लंबे समय से गंदा पानी जमा है। पानी के ठहराव से उठने वाली दुर्गंध इतनी ज्यादा है कि लोगों का घरों में बैठना और खाना तक मुश्किल हो गया है। दुकानदारों का कहना है कि बदबू के कारण ग्राहक भी दुकानों पर आने से कतराते हैं, जिससे कारोबार पर बुरा असर पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों साहिल लूम्बा, सुरेंद्र कुमार और संतोष देवी ने बताया कि इस समस्या को लेकर कई बार संबंधित विभागों के अधिकारियों से शिकायत की जा चुकी है लेकिन हर बार आश्वासन ही मिले। उनका आरोप है कि नेशनल हाईवे के किनारे एक स्थान पर निजी भूमि में गंदा पानी छोड़ा जा रहा है। वहीं, करीब डेढ़ सौ मीटर दूरी पर हाईवे किनारे नाली का काम बंद पड़ा होने के कारण पानी की निकासी भी बाधित है।
लोगों ने बताया कि बरसात के दिनों में स्थिति और भी भयावह हो जाती है। स्थानीय लोगों ने नेशनल हाईवे अथॉरिटी, नगर निगम और जिला प्रशासन से इस समस्या का संज्ञान लेकर पानी की निकासी का स्थायी प्रबंध करने की मांग उठाई है।
नगर निगम ऊना के आयुक्त पृथी पाल सिंह का कहना है कि ड्रेनेज लाइन में निकासी की समस्या के कारण दिक्कत आई है। जल्द ही इस समस्या का समाधान कर दिया जाएगा।