अंब (ऊना)। चुनाव आयोग की तरफ से गठित टीम ने ठठल में एक कार सवार व्यक्ति से 14 लाख 8 हजार रुपये की नकदी बरामद की है। आदर्श चुनाव आचार संहिता के दौरान टीम ने नाके के दौरान यह नकदी बरामद की है। इससे पूर्व भी चुनाव आचार संहिता के बीच करीब दो मामले सामने आ चुके हैं।
जानकारी के अनुसार चुनाव आयोग की तरफ से गठित एसएसटी ने चिंतपूर्णी विधानसभा क्षेत्र में लगभग 14 लाख कैश पकड़ा है। शुक्रवार सुबह करीब 9 बजे ठठल क्षेत्र में चुनाव आयोग की ओर से गठित स्टेटिक सर्विलांस टीम ने नाका लगाया हुआ था। इस बीच गाड़ियों की जांच का अभियान टीम ने चलाया हुआ था। टीम ने एक कार को तलाशी के लिए रोका तो इसमें बड़ी मात्रा में कैश बरामद हुआ। टीम की ओर से कार चालक को कैश के संबंध में दस्तावेज प्रस्तुत करने को कहा गया, लेकिन चालक टीम के समक्ष कोई वैध दस्तावेज मौके पर पेश न कर पाया। आचार संहिता के बीच तय सीमा से अधिक नकद कैश के चलते कार्रवाई के लिए इन्कम टैक्स अधिकारी को विशेष रूप से बुलाया गया।
सहायक निर्वाचन अधिकारी एवं एसडीएम अंब डॉ. विवेक महाजन ने बताया कि इस मामले में स्टेटिक सर्विलांस टीम ने बनती कार्रवाई की है। बरामद किए गए 14 लाख 8 हजार 170 रुपये के कैश को गिनती के बाद जब्त कर लिया है। आगामी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है। बता दें कि इससे पूर्व चिंतपूर्णी व संतोषगढ़ में गठित टीमों की ओर से निर्धारित सीमा से अधिक नकदी पकड़ी है। इसमें संतोषगढ़ बैरियर पर बड़ी मात्रा में सिक्कों को बरामद किया जा चुका है। अब यह बड़ी कार्रवाई सामने आई है। संवाद