ऊना हॉकी मैदान में मैच शुरू होने से पहले मौजूद खिलाड़ी व अन्य सदस्य। संवाद
ऊना। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय (छात्र) ऊना में हिमाचल प्रदेश राज्य स्तरीय अंडर-19 मेजर गेम्स का शुभारंभ हुआ। इस अवसर पर निदेशक उच्च शिक्षा डॉ. अमरजीत शर्मा मुख्यातिथि के रूप में उपस्थित रहे। हॉकी का पहला मैच स्पोर्ट्स हॉस्टल ऊना और स्पोर्ट्स हॉस्टल नादौन के बीच मैच हुआ जो एक-एक की बराबरी पर रहा। कांगड़ा और शिमला के बीच हुए दूसरे मैच में कांगड़ा 5-0 से विजेता रहा।
बास्केटबाल में सोलन और कांगड़ा का मैच हुआ जिसमें कांगड़ा विजेता रहा। हैंडबाल में सिरमौर और किन्नौर के बीच में मैच हुआ जिसमें किन्नौर ने 10-9 से बाजी मारी। ऊना और चंबा के मैच में 32 के अंतर से ऊना विजेता रहा। इस प्रतियोगिता में पांच स्पोर्ट्स हॉस्टल और 11 जिलों के 550 खिलाड़ी भाग ले रहे हैं। निदेशक उच्च शिक्षा डॉ. अमरजीत शर्मा ने कहा कि खेल केवल शारीरिक गतिविधि नहीं बल्कि यह जीवन के हर क्षेत्र में अनुशासन, नेतृत्व, आत्मविश्वास और सहयोग की भावना को विकसित करता है। राज्य स्तरीय प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों को न केवल अपनी प्रतिभा दिखाने का मंच देती हैं बल्कि उन्हें भविष्य के लिए तैयार भी करती हैं। यह जानकारी खेल प्रतियोगिता के प्रेस कमेटी के इंचार्ज संजीव ठाकुर एवं डॉ. किशोरी लाल शर्मा ने दी।