हरोली (ऊना)। थाना हरोली के तहत सैंसोवाल में रविवार शाम एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक चालक घायल हो गया जबकि ट्रैक्टर चालक मौके से भाग गया। पुलिस ने शिकायत के आधार पर अज्ञात ट्रैक्टर चालक के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में राजू पुत्र राधे श्याम निवासी गेटक नगंरा तहसील दातागंज जिला बदायूं उत्तर प्रदेश, हाल निवासी सैंसोवाल ने बताया कि वह मजदूरी करता है और पिछले करीब 15 वर्षों से सैंसोवाल में रह रहा है। उसकी पत्नी और 10 वर्षीय बेटा भी उसके साथ रहते हैं। राजू ने बताया कि रविवार को वह और उसकी पत्नी ओमवती समनाल में मजदूरी करने गए थे। शाम करीब 4:30 बजे दोनों वापस कमरे में लौट आए। पत्नी खाना बनाने लगी जबकि वह बाइक लेकर सैंसोवाल पहुंचा तो घालूवाल की तरफ से हरोली की ओर जा रहा एक ट्रैक्टर तेज रफ्तारी में आया। आरोप है कि ट्रैक्टर चालक ने लापरवाही से वाहन चलाते हुए अचानक मोड़ काटा और उसकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में राजू सड़क किनारे गिर गया और उसके सिर, बाजू तथा टांग में चोटें आईं। हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक मौके से भाग गया। शोर सुनकर उसकी पत्नी ओमवती और अन्य मौके पर पहुंचे और घायल को 108 एंबुलेंस के माध्यम से उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र हरोली पहुंचाया।
पुलिस अधीक्षक सचिन हिरेमठ ने बताया कि शिकायत के आधार पर अज्ञात ट्रैक्टर चालक के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।