चिंतपूर्णी में डीसी राघव शर्मा निर्माणाधीन कार्यों का निरीक्षण करते हुए।
- फोटो : Una
ऊना। चिंतपूर्णी मंदिर क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों का डीसी राघव शर्मा ने निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माणाधीन सीवरेज सिस्टम और समनोली बाईपास का दौरा किया। राघव शर्मा ने काम की प्रगति की समीक्षा करके संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्माण शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए।
डीसी ने कहा कि चिंतपूर्णी मंदिर प्रदेश के प्रसिद्ध धार्मिक स्थलों में शुमार है। मंदिर से प्रदेश के अन्य जिलों सहित देश के अन्य राज्यों के श्रद्धालुओं की गहरी आस्था है। मंदिर क्षेत्र में श्रद्धालुओं सहित क्षेत्रवासियों की सुविधा के लिए अलग-अलग व्यवस्था की जा रही है। उन्होंने बताया कि समनोली के लोगों को मंदिर क्षेत्र से होकर जाना पड़ता है।
धार्मिक दृष्टि से विशेष दिनों में आवाजाही बढ़ने से एक ओर समनोली निवासियों को गंतव्यों तक आने-जाने में परेशानी का सामना करना पड़ता है। वहीं श्रद्धालुओं को भी असुविधा होती है। इस समस्या के समाधान के लिए समनोली बाईपास का निर्माण किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि छह करोड़ रुपये की लागत से 6 मीटर चौड़े और 3 किलोमीटर लंबे भरवाईं-समनोली बाइपास का निर्माण कार्य बीते वर्ष शुरू हुआ था। अब तक लगभग 70 प्रतिशत काम पूरा कर लिया है।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शेष काम को शीघ्र पूररा करें ताकि समनोली बाईपास जनता को समर्पित किया जा सके। डीसी ने चिंतपूर्णी में निर्माणाधीन सीवरेज सिस्टम का भी निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि निर्माण में तेजी लाएं और सुनिश्चित करें कि गुणवत्ता के साथ निर्माण कार्य पूर्ण हो। इस अवसर पर एसडीएम अंब मनेश कुमार यादव, मंदिर अधिकारी अभिषेक भास्कर, मंदिर पुजारी रविंद्र शिंदा और अन्य मौजूद रहे।