अंब ऊना)। उपमंडल अंब के तहत ग्राम पंचायत चौआर में रविवार को विशेष महिला ग्राम सभा का आयोजन किया गया। बैठक में महिलाओं के स्वास्थ्य, कानूनी अधिकारों और गांव में बढ़ती नशे की समस्या सहित विभिन्न सामाजिक मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई।
विशेष महिला ग्राम सभा में महिला चिकित्सक जूही मिन्हास, एडवोकेट मंगल सिंह राणा तथा सांसद मोबाइल एंबुलेंस के चिकित्सक डॉ. शशांक कौशल विशेष रूप से उपस्थित रहे। महिला चिकित्सक जूही मिन्हास ने महिलाओं को सर्वाइकल कैंसर, ब्रेस्ट कैंसर, थायराइड, मधुमेह और उच्च रक्तचाप जैसी बीमारियों के कारणों, बचाव तथा समय रहते जांच करवाने के महत्व के बारे में विस्तृत जानकारी दी।
एडवोकेट मंगल सिंह राणा ने महिलाओं को उनके कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूक किया और विभिन्न कानूनी प्रावधानों की जानकारी साझा की। वहीं, सांसद मोबाइल एंबुलेंस की टीम द्वारा उपस्थित महिलाओं के रक्त परीक्षण किए गए तथा जरूरत के अनुसार आवश्यक दवाइयों का वितरण भी किया गया। ग्राम सभा की अध्यक्षता करते हुए ग्राम पंचायत चौआर की प्रधान रजनी मनकोटिया ने कहा कि महिलाओं की सक्रिय भागीदारी से गांव के सामाजिक मुद्दों पर महत्वपूर्ण निर्णय लिए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि ग्राम सभा में पंचायत क्षेत्र में नशे का सेवन कर हुड़दंग मचाने वाले लोगों को पंचायत में तलब कर उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करने तथा नशा तस्करों की सूचना देने वाले लोगों को पंचायत की ओर से सम्मानित करने संबंधी प्रस्ताव पारित किए गए।