पंडोगा (ऊना)। रोजगार की तलाश में ओमान गए कुठारबीत निवासी 24 वर्षीय जसवंत के बीमार होने के बाद विदेश में फंस जाने का मामला सामने आया है। परिजन उसका उचित इलाज करवाने और उसे स्वदेश वापस लाने में असमर्थ हैं।
विदेश में चल रहे उपचार का खर्च भी लाखों रुपये तक पहुंच चुका है। इस मुश्किल समय में दुलैहड़ निवासी समाजसेवी नरेंद्र जीत ने इंसानियत की मिसाल पेश की।
उन्होंने पीड़ित परिवार के घर पहुंचकर युवक की मां जसवीर कौर को 10 हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की।
इस अवसर पर उन्होंने क्षेत्र के अन्य दानियों से भी परिवार की मदद के लिए आगे आने की अपील की। पीड़ित युवक की मां जसवीर कौर ने बताया कि उन्होंने मेहनत-मजदूरी कर पैसे जुटाकर अपने बेटे को रोजगार के सिलसिले में ओमान भेजा था।
वहां पहुंचने के बाद युवक बीमार हो गया और इलाज के लिए वहीं फंस गया। परिवार की आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण बेटे के इलाज और उसे वापस भारत लाने का खर्च उठाना उनके लिए मुश्किल हो गया है।
पीड़ित परिवार ने सरकार और प्रशासन से युवक को जल्द से जल्द भारत वापस लाने के लिए आवश्यक कदम उठाने की गुहार लगाई है।