ऊना। पंचायतीराज चुनाव में सोशल मीडिया दावेदारी का अहम मंच बन गया है। उम्मीदवार सोशल मीडिया पर चुनावी मैदान में उतरने का एलान कर रहे हैं। कोरोना संकट के बीच सोशल मीडिया में ही लोगों से चुनाव को उम्मीदवार जुटाया जा रहा है।
कोरोना संकट के बीच सोशल मीडिया उम्मीदवारों के लिए बड़ा चुनावी हथियार बन गया है। उम्मीदवार सोशल मीडिया से ही अपना विजन मतदाताओं तक पहुंचा रहे हैं। पंचायत चुनाव के लिए प्रधान और वार्ड पंच के लिए रोस्टर जारी होने के बाद उम्मीदवार काफी ज्यादा सक्रिय हो गए हैं। कोरोना संक्रमण के डर को देखते हुए अधिकतर उम्मीदवार सोशल मीडिया में पोस्ट डालकर चुनावी मैदान में उतरने की घोषणा कर रहे हैं। हालांकि गुपचुप तरीके से प्रचार भी शुरू कर दिया है। प्रधान पद के उम्मीदवार भी वार्ड पंचों के जरिये मतदाताओं तक पहुंच बनाने की कोशिश कर रहे हैं। इस बार कोरोना संकट के बीच सोशल मीडिया उम्मीदवारों के लिए काफी सहायक सिद्ध हो रहा है। सोशल मीडिया फेसबुक, व्हाट्सएप पर मुख्य तौर पर उम्मीदवार अपनी प्रचार सामग्री भी शेयर कर रहे हैं। चुनावी बेला में सोशल मीडिया पर पंचायत चुनाव को लेकर पोस्टों की बाढ़ सी आ गई है। समर्थक उम्मीदवारों के पोस्ट को शेयर कर ऑनलाइन ही समर्थन जुटा रहे हैं। युवा गगन, रोहित, अजय, सुरेंद्र, मोहित, इंद्र सिंह, गजेंद्र सिंह, विशाल, राजेश ने बताया कि आज का युग तकनीक का युग है और हर कोई ऑनलाइन सोशल मीडिया में उपलब्ध है। ऐसे में चुनावी मैदान में उतरने से पहले उम्मीदवार भी ऑनलाइन ही पोस्ट डालकर मैदान में उतरने की घोषणा कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि कोरोना संक्रमण के कहर के बीच लोगों से संपर्क करने का सोशल मीडिया एक बढ़िया जरिया है। चुनावी बेला में हर कोई इसका सदुपयोग कर रहा है। हालांकि लोग आपस में मिलकर भी समर्थन जुटाने में लग गए हैं।