विधायक राकेश कालिया ने रिबन काटकर की शुरुआत
ऊना में आईटीआई के करीब 50 प्रशिक्षु कर रहे इस फैसले का विरोध
विरोध कर रहे प्रशिक्षुओं ने कहा- शनिवार से सड़कों पर उतरेंगे
संवाद न्यूज एजेंसी
गगरेट (ऊना)। राजकीय महिला आईटीआई के बाहर चल रहे विरोध प्रदर्शन के बीच गगरेट के लिए स्वीकृत स्टेट ऑफ आर्ट (एसओए) आईटीआई का विधिवत शुभारंभ हो गया। इससे पहले इस संस्थान का संचालन ऊना में हो रहा था। वीरवार को राजकीय बहुतकनीकी संस्थान अंबोटा में विधायक राकेश कालिया ने इसका विधिवत शुभारंभ भी किया। संस्थान का सारा स्टाफ भी यहां आ चुका है और इसकी कक्षाएं भी विधिवत शुरू हो गईं। दूसरी ओर एसओए आईटीआई में प्रशिक्षण हासिल करने वाले करीब 50 प्रशिक्षु इस सत्र की पढ़ाई ऊना आईटीआई में ही करवाने की मांग पर अड़े हैं। प्रशिक्षुओं का कहना है कि उनकी मांगों पर कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा। सभी शनिवार को सड़कों पर उतरेंगे। जिसके लिए प्रशासन व सरकार जिम्मेदार होंगे।
जानकारी के अनुसार एसओए आईटीआई कई साल पहले गगरेट के लिए मंजूर हुआ था। लेकिन, उस समय यहां भवन की उपलब्धता न होने के कारण इसे ऊना से संचालित किया गया। इस संस्थान के लिए अलग से इंस्ट्रक्टर व मिनिस्ट्रीयल स्टाफ की भी व्यवस्था की गई थी। लेकिन, लंबे अरसे तक इसे गगरेट में शुरू नहीं करवाया जा सका। इस बीच अब यह संस्थान गगरेट में आ सका है। वीरवार को राजकीय बहुतकनीकी संस्थान अंबोटा में इस संस्थान को विधिवत रूप से शुरू किया गया। इस संस्थान में डीजल मेकेनिक, मोटर व्हीकल मेकेनिक व मोटर व्हीकल इलेक्ट्रिकल एंड इलेक्ट्रॉनिक्स मेकेनिक के डिप्लोमा कोर्स करवाए जा रहे हैं। इसके लिए कुल 68 सीटें स्वीकृत हैं। इस संस्थान के यहां से संचालित होने से अब विधानसभा क्षेत्र गगरेट में दो औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान हो गए हैं।
बॉक्स
क्यों हो रहा विरोध
दरअसल एसओए आईटीआई में पढ़ाई करने वाले कई प्रशिक्षुओं का कहना है कि वे दूरदराज के इलाकों से आते हैं। उनको ऊना आना अधिक सुगम है। जबकि गगरेट पहुंचने के लिए उन्हें तड़के से तैयारी करनी होगी और वहां से देर शाम को घर लौटना बेहद मुश्किल है। प्रशिक्षुओं का कहना है कि दाखिले के समय उन्हें यह नहीं बताया गया था कि आधी पढ़ाई होने पर आईटीआई गगरेट शिफ्ट होगी। मध्य सत्र में ऐसे फैसले अनुचित हैं। प्रशिक्षुओं ने सरकार के समक्ष मांग उठाई थी कि इस सत्र की पढ़ाई महिला आईटीआई ऊना में ही करवाई जाए। जबकि नया सत्र गगरेट में शुरू कराया जाए। इसको लेकर प्रशिक्षु महिला आईटीआई भवन के बाहर धरने पर बैठे हैं। उन्होंने मांग पूरी न होने पर 24 नवंबर दिन शनिवार के सड़कों पर उतरने की चेतावनी दी है। प्रशिक्षुओं की इन मांगों को सदर सीट से भाजपा विधायक सतपाल सत्ती भी समर्थन दे चुके हैं।
गगरेट के विधायक राकेश कालिया ने कहा कि इस संस्थान को और सुदृढ़ किया जाएगा। इसके लिए अलग से भूमि की व्यवस्था करके इसके अपने भवन के निर्माण को भी तरजीह दी जाएगी। राकेश कालिया से राजकीय बहुतकनीकी संस्थान के स्टाफ ने मेकेनिकल ट्रेड शुरू करवाने की भी मांग रखी। जिस पर विधायक ने कहा कि शीघ्र ही इस बारे में वह मुख्यमंत्री से बात करेंगे।