ऊना। जिला में मंगलवार को घने बादलों के छाने के साथ दिन में तीन-चार बार हुई हल्की बूंदाबंदी से मौसम एकदम सुहावना हो गया। शीत लहरों के चलने से जिला के तापमान में भारी गिरावट आई है। आसमान में घने बादलों के छाने से पूरा दिन मौसम ठंडा रहा। जिससे जिला के लोगों ने ऊना की कड़कती धूप से काफी हद तक राहत पाई। मंगलवार को जिला का अधिकतम तापमान 31.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया तथा न्यूनतम तापमान 19.5 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। वहीं सोमवार को जिला का अधिकतम तापमान 38.6 डिग्री सेल्सियस एवं न्यूनतम तापमान 17.2 डिग्री सेल्सियस था। हल्की बूंदाबांदी एवं ठंडा मौसम होने से किसानों की फसलों को भी काफी राहत मिली है। अत्यधिक गर्मी होने के चलते जिला में सब्जियों एवं मक्की की फसलों की सिंचाई हर तीसरे दिन करनी पड़ रही थी। ठंडा मौसम होने के कारण जिला की मुख्य सड़कों पर भी पूरा दिन भर आवाजाही रही और ऊना के मेन बाजार, अरविंद मार्किट, जीवन मार्किट में भी पूरा दिन ग्राहकों का आना जाना लगा रहा। एमसी पार्क में भी हर वर्ग में ब्च्चे, युवा व बुजुर्ग घूमते-फिरते दिखाई दिए। सभी वर्ग के लोग सुहावने मौसम का भरपूर आनंद लेते दिखाई दिए। क्षेत्र के लोगों में हरिओम, दिलावर सिंह, केशव, राम सिंह, देसराज आदि ने बताया कि शीत लहरों व बादलों के छाने से जिला के तापमान में भारी गिरावट आई है। जिससे जिलाभर के लोग खुश है। उधर, मौसम विभाग के अधिकारी विनोद शर्मा ने बताया कि बादलों के छाने व हल्की बूंदाबांदी के कारण जिला के तापमान में भारी गिरावट रिकार्ड की गई है। जिससे जिला के लोगों ने कड़कती गर्मी से काफी राहत पाई है। उन्होंने बताया कि बुधवार को भी आसमान में बादल छाए रहेंगे।