ऊना। सीटू जिला कमेटी ने मजदूर दिवस पर कार्यक्रम का आयोजन किया। इस मौके पर सीटू के झंडे का ध्वजारोहण किया गया। सीटू ऊना इकाई के महासचिव गुरनाम सिंह ने बताया कि वर्तमान में केंद्र सरकार मजदूर विरोधी लेबर कोड लेकर आई है।
इन नए कानूनों के तहत यूनियन बनाने और हड़ताल करने के अधिकार को भी छीन लिया गया है। जिससे मजदूरों को उनके अधिकार प्राप्त करने में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र की सरकार पूंजीपतियों को लाभ पहुंचाने के लिए कार्य कर रही है।
इसी के चलते श्रमिक कानून में भी फेर बदल किया जा रहा है। गांव से लेकर शहर तक सभी को एकत्रित होकर इसका विरोध करना चाहिए।
सीटू इकाई हर उद्योग में जाकर श्रमिकों को इसे लेकर जागरूक करेगी ताकि इन कानून को बदला जा सके। इस दौरान श्रमिकों ने मजदूर एकता को लेकर नारे भी लगाए। साथ ही नए श्रम कानूनाें के खिलाफ नारेबाजी भी की। इन कानूनों के बारे में सदस्यों को जागरूक भी किया गया। आयोजन में सीटू जिला प्रधान चनन सिंह, उपप्रधान सुरेंद्र कुमार, सीटू नेता कुशल कुमार, माजिद अहमद, सतीश कुमार, मिड-डे मील वर्कर यूनियन की तरफ से पूनम देवी, आशा देवी व सरीना सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे।