राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला गौन्दपुर जयचंद के छात्र छात्राए हिम गौरव आई टी आई संतोखगढ़ मे आधु
हिम गौरव आईटीआई संतोषगढ़ में आधुनिक प्रयोगशालाएं देख हुए उत्साहित
संवाद न्यूज एजेंसी
ऊना। प्रदेश के उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री के पैतृक क्षेत्र गोंदपुर जयचंद स्थित राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला के छात्र-छात्राओं ने शनिवार को शैक्षणिक भ्रमण के तहत हिम गौरव आईटीआई संतोषगढ़ का दौरा किया।
जैसे ही विद्यार्थी आधुनिक प्रयोगशालाओं में पहुंचे, उनके चेहरों पर उत्सुकता स्पष्ट रूप से दिखाई देने लगी। मशीनों की आवाज, उपकरणों की चमक और प्रशिक्षुओं का आत्मविश्वास देखकर बच्चों में कौशल शिक्षा के प्रति नई जिज्ञासा उत्पन्न हो गई। विद्यार्थियों ने फिटर और वेल्डर ट्रेड में प्रशिक्षण ले रही छात्राओं को बड़े औद्योगिक उपकरणों पर काम करते देखा, जिससे वे आश्चर्य और उत्साह से भर गए।
कई छात्रों ने प्रशिक्षकों से मशीनों की कार्यप्रणाली, रोजगार संभावनाओं और प्रशिक्षण अवधि के बारे में सवाल किए। यह दृश्य स्पष्ट रूप से दर्शाता था कि नई पीढ़ी अब केवल किताबों तक सीमित नहीं रहना चाहती, बल्कि अपने हाथों में कौशल लेकर आगे बढ़ने की दिशा में भी सोच रही है।
संस्थान के महाप्रबंधक संजय जोशी ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि आज का युग कौशल का है और भारत सरकार की स्किल इंडिया जैसी पहल के माध्यम से युवाओं को हुनरमंद बनाने पर जोर दिया जा रहा है। उन्होंने यह भी बताया कि अब दसवीं के बाद आईटीआई का दो वर्षीय कोर्स करने वाले विद्यार्थियों को कोर्स पूरा करने पर केवल दो विषयों की परीक्षा देकर प्लस-टू समकक्ष प्रमाण पत्र प्राप्त करने का अवसर मिल रहा है, जिससे कौशल और शिक्षा दोनों को साथ-साथ आगे बढ़ाने का अवसर मिलता है।