अवैध खनन पर जिला प्रशासन ऊना का शिकंजा
खनन माफिया के खिलाफ ज़ीरो टॉलरेंस नीति : जतिन
संवाद न्यूज एजेंसी
ऊना। ऊना जिला प्रशासन ने अवैध खनन के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति के चलते बुधवार को भी जिले में औचक छापे मारे। उपायुक्त जतिन लाल के अगुवाई में स्वां नदी के घालूवाल और इसके आसपास के इलाकों में कार्रवाई की। इस टीम में पुलिस अधीक्षक राकेश सिंह भी साथ रहे। प्रशासन ने अपनी कार्रवाई के दौरान छह टिपर, एक जेसीबी और एक ट्रैक्टर को जब्त किया। अभियान को प्रभावी बनाने तथा खनन गतिविधियों की कड़ी निगरानी के लिए अत्याधुनिक ड्रोन तकनीक उपयोग में लाई जा रही है।
जतिन लाल ने कहा कि जिला ऊना में अवैध खनन के खिलाफ चलाई मुहिम को आगे भी जारी रखा जाएगा। रोजाना ड्रोन और पुलिस टीम की सहायता से ज़िले के विभिन्न विशेषकर स्वां नदी क्षेत्र पर पैनी निगाह रखी जाएगी। राज्य सरकार की अवैध खनन को लेकर जीरो टॉलरेंस की नीति है तथा ऊना जिला प्रशासन इस नीति को पूरी शिद्दत से लागू कर रहा है और ऐसी किसी भी गैरकानूनी गतिविधियों में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। उपायुक्त ने सभी ज़िलावासियों से खनन माफिया के खिलाफ चलाई गई इस मुहिम में सहयोगी बनने की आग्रह किया है। जनता से अवैध खनन गतिविधियों की सूचना देने का आग्रह भी किया है।
पुलिस अधीक्षक राकेश सिंह ने कहा कि अवैध खनन से निपटने के लिए जिला पुलिस पूरी तरह प्रतिबद्ध है और इस मामले में कड़ी निगरानी और सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। अत्याधुनिक तकनीक के इस्तेमाल से ऐसी गैरकानूनी गतिविधियों पर पैनी निगाह रखी जा रही है और संलिप्त लोगों के साथ सख्ती से निपटा जा रहा है।