आग से झुलसने का कोई भी मामला नहीं, गगरेट क्षेत्र में एक दुकान भी जली
हरोली और अंब क्षेत्र में दिवाली पर्व रहा राहत भरा
जसवीर ठाकुर
ऊना। दीपों के त्योहार दीपावली पर ऊना जिले में आग लगने की घटनाओं के छह मामले सामने आए हैं। इनमें लाखों रुपये का नुकसान हुआ है। इसके अलावा वन संपदा का भी अलग से नुकसान हुआ है, जिसका आकलन विभाग ने दर्ज नहीं किया है।
अंब और हरोली विकास खंड को छोड़कर सदर, ऊना, बंगाणा और गगरेट में दीपावली की रात को पटाखे और आतिशबाजी की चिंगारी से जहां गोशालाएं और मक्की के गट्ठे स्वाह हो गए हैं। वहीं दूसरी ओर लोगों को आर्थिक तौर पर नुकसान झेलना पड़ा है। राहत भरी खबर यह भी है कि इस दीपावली पर्व पर किसी भी प्रकार का कोई बडा जानी नुकसान नहीं हुआ है। जिला ऊना के सबसे बड़े क्षेत्रीय अस्पताल में दिवाली पर्व पर पटाखे से झुलसने का कोई भी मामला सामने नहीं आया है।
वहीं, गगरेट में एक व्यक्ति की दुकान आग लगने से जल गई और ऊना के मैहतपुर क्षेत्र में भी खेतों में रखी घासनी का सामान आग की भेंट चढ़ा है। बंगाणा में भी दो गौशालाओं में आग लगने से घासनी समेत अन्य सामान जल गया है। इस दौरान दमकल विभाग ने भी मुस्तैदी के साथ अलग-अलग जगह पर घटित हुई घटनाओं पर काबू पाने के लिए जी जान से मेहनत की है, जिससे लोगों को राहत भी मिली है।
कुल मिलाकर ऊना जिला के लिए दिवाली का पर्व संतोषजनक रहा, जिससे क्षेत्र की जनता ने राहत की सांस लेते हुए सुख-समृद्धि, उन्नति और प्रगति की दिवाली पर्व पर मंगलमय की कामना की।
क्षेत्रीय अस्पताल ऊना के एमएस डॉ. संजय मनकोटिया के अनुसार दिवाली पर्व पर लक्ष्मी स्वरूप दो कन्याओं ने जन्म लिया है, जिससे दिवाली को लोगों के घर में खुशियां दोगुनी हुई हैं।