वारदात के समय पीड़ित महिलाओं को लगी भनक, मौके पर पकड़ी संदिग्ध
सावन माह में सोमवार को सदाशिव मंदिर तलमेहड़ा में रहती है भारी भीड़
संवाद न्यूज एजेंसी
थानाकलां (ऊना)। उपमंडल बंगाणा के प्रसिद्ध सदाशिव मंदिर तलमेहड़ा में सोमवार को भीड़ के दौरान करीब 3.50 लाख रुपये की सोने की चेन और लॉकेट चोरी होने का मामला सामने आया। हमीरपुर जिले के बड़सर तहसील निवासी जेठानी और देवरानी मंदिर में माथा टेकने पहुंची थीं। इस दौरान आइसक्रीम के लंगर में लगी भीड़ में मौके का फायदा उठाकर महिलाओं की चेन और लॉकेट उड़ा लिया। इसका पता चलते ही महिला श्रद्धालुओं ने पंजाब के रूपनगर निवासी महिला को धर दबोचा। पकड़ी गई महिला से कड़ी पूछताछ के बावजूद उसने चोरी की बात नहीं कबूली। पीड़ित महिलाओं ने पुलिस के पास शिकायत दर्ज करवाई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी महिला सुरजीत कौर निवासी गांव बडवल जिला रूपनगर पंजाब के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया। पीड़िता निर्मला देवी पत्नी सुरेन्द्र कुमार निवासी गांव ब्याड़ कलां, तहसील बड़सर हमीरपुर अपनी देवरानी सुनीता देवी पत्नी देश राज के साथ मंदिर में माथा टेककर बाहर लौट रही थीं। इसी दौरान मंदिर गेट के पास लगे आइसक्रीम लंगर के लिए जब वे पंक्ति में खड़ी थीं तो निर्मला देवी ने देखा कि उनकी गले की चेन गायब थी। उसने अपनी देवरानी को यह बात बताई। इसपर देवरानी सुनीता ने अपनी गले में भी हरकत महसूस की। संदेह होने पर जब सुनीता देवी ने पीछे मुड़कर देखा तो पाया कि एक अज्ञात महिला उसके गले में हाथ डाल रही और गले में सोने का लॉकेट नहीं है। शोर मचाने पर महिला वहां से भागने लगी। आसपास मौजूद लोगों की मदद से आरोपी महिला को करीब 150 मीटर दूर जाकर उसे पकड़ लिया गया। पूछताछ में उसने अपना नाम सुरजीत कौर जिला रूपनगर, पंजाब बताया। पीड़ित महिलाओं का आरोप है कि चेन व लॉकेट की चोरी उसी महिला ने की है। महिलाओं ने बताया कि चोरी गई चेन की कीमत लगभग ढाई लाख रुपये तथा लॉकेट की कीमत एक लाख रुपये है। मंदिर ट्रस्ट के चेयरमैन प्रवीण शर्मा का कहना है कि मंदिर कमेटी व कर्मचारियों की ओर से बाहर से आने वाले सभी भक्तों का ध्यान रखा जाता है। मंदिर परिसर में अलग अलग स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं।
पुलिस अधीक्षक अमित यादव ने बताया कि पुलिस ने जांच प्रारंभ कर दी है। आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया गया है। मंदिर प्रशासन से भी सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही, ताकि मामले की पुष्टि हो सके।