बड़ूही (ऊना)। श्राद्ध पक्ष शुरू होते ही बडूही सहित आसपास के बाजारों में खरीदारी की रफ्तार धीमी पड़ गई है। सामान्य दिनों की तुलना में बाजारों में ग्राहकों की आवाजाही काफी कम दिखाई दे रही है। कई दुकानदार दिनभर ग्राहकों का इंतजार करते नजर आ रहे हैं। दुकानदारों का कहना है कि पहले से ही महंगाई के कारण कारोबार प्रभावित चल रहा है। वहीं अब श्राद्ध पक्ष के चलते नई वस्तुओं की खरीदारी में और कमी आ गई है।
श्राद्ध पक्ष में लोग नई वस्तुओं की खरीदारी और शुभ कार्यों से परहेज करते हैं। इसका सीधा असर कपड़े, जूते, इलेक्ट्रॉनिक्स, फर्नीचर, वाहन और घरेलू सामान की बिक्री पर पड़ा है। बड़ी खरीदारी को लोग श्राद्ध पक्ष समाप्त होने के बाद के लिए टाल रहे हैं। दुकानदारों के अनुसार महंगाई के कारण पहले ही लोग खरीदारी करते समय बजट का ध्यान रख रहे हैं। इस बीच श्राद्ध पक्ष शुरू होने से बिक्री और कमजोर हो गई है। उनका कहना है कि दिनभर दुकान खोलने के बावजूद अपेक्षित ग्राहक नहीं पहुंच रहे हैं। कारोबारियों को अब नवरात्र से बाजार में रौनक लौटने की उम्मीद है।
श्राद्ध शुरू होने के बाद बाजार में ग्राहकों की संख्या में कमी आई है। लोग सामान देखने के लिए आ रहे हैं लेकिन खरीदारी को नवरात्र के बाद के लिए टाल रहे हैं। उम्मीद है कि श्राद्ध पक्ष समाप्त होते ही बाजार में फिर से रौनक लौटेगी।
-विपन कुमार, इलेक्ट्रॉनिक्स दुकानदार, बडूही
श्राद्ध पक्ष में कपड़ों और अन्य नई वस्तुओं की बिक्री सामान्य दिनों के मुकाबले कम हो जाती है। ग्राहक फिलहाल जरूरत का सामान ही खरीद रहे हैं। नवरात्र शुरू होने के बाद त्योहारी खरीदारी बढ़ने की उम्मीद है।
-अश्वनी कुमार, कपड़ा व्यापारी, बडूही
घर के लिए कुछ सामान खरीदना था लेकिन श्राद्ध पक्ष के चलते खरीदारी कुछ दिनों के लिए टाल दी है। श्राद्ध समाप्त होने के बाद शुभ मुहूर्त देखकर नई वस्तु खरीदेंगे।
-मदन लाल, ग्राहक, धंदड़ी
श्राद्ध पक्ष में परिवार में पितरों का स्मरण और धार्मिक कार्य किए जाते हैं। इस दौरान नई वस्तुओं की खरीदारी न करने की पारिवारिक परंपरा है, इसलिए केवल जरूरी सामान खरीदा जा रहा है और अन्य सामान की खरीदारी नवरात्र के बाद करने की योजना है।
-अशोक ठाकुर, ग्राहक, टकारला