व्यवस्था न होने से लोग लंबे समय से कर रहे दिक्कतों का सामना
संजीव पराशर
दौलतपुर चौक (ऊना)। नगर पंचायत दौलतपुर चौक को स्वच्छ और सुंदर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। स्वच्छ भारत मिशन (नगरीय) 2.0 के अंतर्गत शहर में सीवरेज अवरोधन एवं व्यपवर्तन कार्यों के लिए लगभग 2.80 करोड़ रुपये की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार कर ली गई है।
जल शक्ति विभाग की ओर से तैयार की गई इस डीपीआर को अंतिम स्वीकृति के लिए उच्च अधिकारियों एवं सक्षम प्राधिकारी को भेज दिया गया है। रिपोर्ट में कार्य के महत्त्व को प्रमुखता से दर्शाया गया है, जिससे स्वच्छ भारत मिशन 2.0 को गति मिलने की उम्मीद है। नगर पंचायत क्षेत्र में सीवरेज की समुचित व्यवस्था न होने के कारण स्थानीय निवासियों को लंबे समय से गंदगी और जलभराव जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा था। परियोजना के स्वीकृत होते ही इन समस्याओं का स्थायी समाधान संभव हो सकेगा।
विज्ञापन
विभाग ने इस परियोजना को शीघ्र स्वीकृति देने का आग्रह किया है, ताकि धरातल पर कार्य जल्द शुरू किया जा सके। इस परियोजना पर कुल 2.80 करोड़ रुपये की लागत आएगी, जिसे भारत सरकार के स्वच्छ भारत मिशन (नगरीय) 2.0 के तहत क्रियान्वित किया जाएगा। परियोजना का मुख्य उद्देश्य नगर पंचायत दौलतपुर चौक में सीवरेज व्यवस्था को सुदृढ़ करना और शहर की स्वच्छता को प्राथमिकता देना है। नगर पंचायत सचिव बलदेव ठाकुर ने बताया कि जल शक्ति विभाग की ओर से नगर पंचायत के लिए 279.91 लाख रुपये की डीपीआर तैयार की गई है, जिसमें सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए यह सुनिश्चित किया गया है कि नगर पंचायत को स्वच्छ रखा जा सके। इस परियोजना के स्वीकृत होने से नगर पंचायत के सभी सात वार्डों में स्वच्छता व्यवस्था में सुधार होगा और गंदगी से राहत मिलेगी। साथ ही जलभराव की समस्या का भी स्थायी समाधान होगा।
वहीं, आईपीएच दौलतपुर चौक के एसडीओ जोगिंदर सिंह ने बताया कि नगर पंचायत की सीवरेज व्यवस्था के लिए 2.80 करोड़ रुपये की डीपीआर विभाग को भेज दी गई है। स्वीकृति मिलते ही दौलतपुर चौक में गंदगी और जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान सुनिश्चित किया जाएगा। प्रशासन और विभाग की इस सक्रियता से क्षेत्र की जनता में खुशी का माहौल है। लोगों को उम्मीद है कि इस परियोजना के पूर्ण होने के बाद दौलतपुर चौक एक आधुनिक, स्वच्छ और सुव्यवस्थित नगर पंचायत के रूप में उभरेगा।