अवैध खनन के खिलाफ जिला के मुख्य सड़क मार्गों पर तैनात पुलिसकर्मी। स्रोत विभाग
पुलिस टीम ने बुधवार सुबह दिया कार्रवाई को अंजाम
संवाद न्यूज एजेंसी
ऊना। जिला पुलिस ने खनन माफिया के खिलाफ कार्रवाई की है। घालूवाल स्वां क्षेत्र में बुधवार सुबह रेत लेकर पंजाब जा रहे सात टिपरों को जब्त किया है। पुलिस ने चालकों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
एएसपी ऊना संजीव भाटिया और ऊना सदर के थाना प्रभारी गौरव भारद्वाज की अगुवाई में पुलिस टीम ने बुधवार सुबह के समय घालूवाल स्वां क्षेत्र में दबिश दी। वहां धड़ल्ले से अवैध खनन को अंजाम दिया जा रहा था। इस दौरान पुलिस ने रेत से भरे सात टिपरों को मौके पर ही जब्त कर लिया। इस दौरान सातों चालकों को भी पकड़ लिया गया। पुलिस ने सभी चालकों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। टिपरों को पुलिस लाइन झलेड़ा में पहुंचाया गया है।
ऊना जिले में दौलतपुर चौक से लेकर संतोषगढ़ तक करीब 40 किलोमीटर के क्षेत्र में स्वां नदी फैली हुई है। खनन माफिया ने स्वां नदी को बुरी तरह से छलनी कर दिया है। स्वां नदी से रेत उठाकर गहरे गड्ढे खोद दित्रैं, जो अब हादसों को अंजाम दे रहे हैं। शाम होते ही खनन माफिया के लोग मशीनरी लेकर स्वां नदी में पहुंच जाते हैं और पूरी रात अवैध खनन को अंजाम दिया जाता है। राजनीतिक संरक्षण के चलते खनन माफिया के हौसले इतने बुलंद हो चुके हैं कि स्वां का रेत उठाकर रातों-रात पंजाब पहुंचाया जा रहा है। जहां महंगे दामों पर रेत बेचकर खूब चांदी कूटी जा रही हैं।
पुलिस अधीक्षक ऊना अमित यादव ने बताया कि पुलिस ने घालूवाल स्वां क्षेत्र में दबिश देकर अवैध खनन में संलिप्त सात टिपर जब्त किए हैं। सात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस मामले की कार्रवाई में जुटी हुई है।