मुख्यातिथि ने किया ध्वजारोहण, स्वयंसेवियों ने दिया गार्ड ऑफ ऑनर
स्वयंसेवियों ने रंगारंग कार्यक्रम से बांधा समां
संवाद न्यूज एजेंसी
बंगाणा (ऊना)। अटल बिहारी वाजपेयी राजकीय महाविद्यालय बंगाणा में शनिवार को सात दिवसीय राष्ट्रीय सेवा योजना शिविर का आगाज हुआ। प्राचार्य डॉ. रमेश ठाकुर ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत कर एनएसएस ध्वजारोहण के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ किया। स्वयंसेवियों ने परेड कर मुख्यातिथि को गार्ड ऑफ ऑनर दिया।
एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी प्रोफेसर सिकंदर नेगी ने शिविर के उद्देश्य और थीम ..युवा मेरे भारत के लिए, युवा डिजिटल साक्षरता के लिए.. के बारे में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि शिविर के दौरान स्वयंसेवी पर्यावरण जागरूकता, सड़क सुरक्षा, मतदान जागरूकता, नशा निवारण, डिजिटल इंडिया, स्वच्छता, कोविड-19, बेटी पढ़ाओ, बेटी बचाओ, साइबर सुरक्षा, एड्स जागरूकता और श्रमदान जैसी महत्वपूर्ण गतिविधियों में भाग लेंगे। शिविर का उद्देश्य युवाओं को सामाजिक जिम्मेदारी और डिजिटल साक्षरता से जोड़ा जाना है। एनएसएस वाॅलंटियर दिव्यांशु शर्मा ने युवा मेरे भारत के लिए, युवा डिजिटल साक्षरता के लिए पर अपने विचार प्रस्तुत किए।
पहले दिन एनएसएस स्वयंसेवियों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। शिवानी और श्वेता का ग्रुप डांस, सोनाक्षी और तमन्ना का गिद्दा और नीलम व अंकिता ठाकुर के पहाड़ी नृत्य ने दर्शकों का खूब मनोरंजन किया। प्राचार्य डॉ. रमेश ठाकुर ने कहा कि एनएसएस युवा शक्ति के व्यक्तित्व विकास और चरित्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। इस मौके पर डॉ. विनोद कुमार, राहुल शर्मा, गौरव, शुभम शर्मा, तीक्ष्ण मौजूद रहे।