अस्पताल प्रबंधन ने रेलिंग लगाकर अलग किया काउंटर
बुजुर्गों को दवाई लेने के लिए नहीं करना पड़ेगा अधिक इंतजार
संवाद न्यूज एजेंसी
ऊना। क्षेत्रीय अस्पताल में बुजुर्गों और दिव्यांगों के लिए अलग से दवा काउंटर स्थापित किया गया है। इससे बुजुर्गों को लाइनों में लगने से राहत मिलेगी। अस्पताल प्रबंधन ने दवा काउंटर पर अलग से रेलिंग लगा दी है। एक काउंटर पर दिव्यांगों और बुजुर्गों को दवाई वितरित की जाएगी। इसके अलावा दूसरे काउंटर पर अन्य मरीजों को दवाई मिलेगी। क्षेत्रीय अस्पताल में लोगों को बेहतर सुविधाएं मुहैया करवाने के लिए अस्पताल प्रबंधन लगातार प्रयास कर रहा है। पूर्व में एक ही दवा काउंटर होने से बुजुर्गों को भी उसी काउंटर पर खड़े होकर अपनी बारी का इंतजार करना पड़ता था। ऐसे में बुजुर्गों व दिव्यांगों को काफी परेशानी झेलनी पड़ रही थी। बुजुर्गों ने अस्पताल प्रबंधन से इस समस्या को दूर करने की मांग उठाई थी। इस मांग पर अस्पताल प्रबंधन ने कार्रवाई करते हुए अलग से रेलिंग लगाकर काउंटर स्थापित कर दिया है। अस्पताल प्रबंधन ने बताया कि रेलिंग लगाने से सभी अपनी कतार में लगकर कम समय में दवा ले पाएंगे। इससे अस्पताल में व्यवस्थाएं बनाने में आसानी रहेगी। इसके अलावा महिलाओं के लिए भी अलग काउंटर जल्द ही शुरू किया जाएगा ताकि मरीजों को दिक्कतों का सामना न करना पड़े। क्षेत्रीय अस्पताल में रोजाना 500 से 600 मरीजों की ओपीडी रहती है। जिलेभर के विभिन्न क्षेत्रों से मरीज उपचार के लिए क्षेत्रीय अस्पताल का रुख करते हैं। ऐसे में पर्ची काउंटर से लेकर दवा काउंटर पर काफी भीड़ लगी रहती है। अब अस्पताल प्रबंधन ने बुजुर्गों और दिव्यांगों के लिए अलग से दवा काउंटर स्थापित किया है।
कोट्स
क्षेत्रीय अस्पताल में बुजुर्गों की सुविधा के लिए अलग से दवा काउंटर स्थापित कर दिया गया है। इससे दवा काउंटर के बाहर भीड़ भी कम होगी व लोगों को परेशानी का सामना भी नहीं करना पड़ेगा।
डाॅ. संजय मनकोटिया, चिकित्सा अधीक्षक क्षेत्रीय अस्पताल ऊना।