ऊना। जिला ऊना में वर्ष 2025 के फ्लैग डे से संबंधित टोकन फ्लैग जमा नहीं कराने वाले 55 सरकारी स्कूलों को रिमाइंडर-2 जारी किया गया है। इसके अलावा कई निजी स्कूलों और कॉलेजों की ओर से भी टोकन फ्लैग जमा नहीं कराने का मामला सामने आया है। उपनिदेशक स्कूल शिक्षा (सेकेंडरी) ऊना के कार्यालय ने संबंधित संस्थानों के प्रधानाचार्यों और मुख्याध्यापकों को लंबित टोकन फ्लैग बिना देरी जमा कराने के निर्देश दिए हैं।
15 अक्तूबर 2026 को जारी पत्र के अनुसार, जिला सैनिक कल्याण कार्यालय ऊना की ओर से 9 अक्तूबर को भेजे गए पत्रों के आधार पर यह कार्रवाई की गई है। शिक्षा विभाग ने बताया कि पहले भी रिमाइंडर जारी किए जा चुके हैं, लेकिन इसके बावजूद कुछ सरकारी और निजी शिक्षण संस्थानों की ओर से निर्धारित औपचारिकताएं पूरी नहीं की गई हैं। ऐसे में संबंधित संस्थानों को दोबारा निर्देश जारी कर जल्द अनुपालना सुनिश्चित करने को कहा गया है।
जिला सैनिक कल्याण विभाग की ओर से भेजी गई सूची में 55 सरकारी स्कूल शामिल हैं। इनमें वरिष्ठ माध्यमिक और उच्च विद्यालय शामिल हैं। सूची में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय अंबोटा, बसोली, बहड़ाला, भंजाल, भरवाईं, चिंतपूर्णी, पंजावर, सलोह, टक्का और तलमेहड़ा समेत कई संस्थानों के नाम दर्ज हैं। इसके अलावा राजकीय उच्च विद्यालय भदौड़ी, भियांबी, डंगोह, धंदड़ी, जनकौर, जसाणा, कुठियाड़ी, मैड़ी और थापलां सहित अन्य स्कूल भी सूची में शामिल हैं।
उपनिदेशक जिला उच्च शिक्षा विभाग अनिल तक्की ने संबंधित संस्थानों के प्रधानाचार्यों और मुख्याध्यापकों को निर्देश दिए हैं कि वे लंबित टोकन फ्लैग संबंधित कार्यालय में जल्द जमा करवाएं, ताकि मामले में आगे की कार्रवाई पूरी की जा सके।
निजी संस्थानों और कॉलेजों को भी निर्देश
दूसरी सूची में निजी स्कूलों और कॉलेजों के नाम दर्ज हैं। इसमें स्वामी विवेकानंद पब्लिक स्कूल गगरेट और अंब, डीएवी पब्लिक स्कूल अंबोटा, राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय ऊना, बंगाणा और दौलतपुर चौक, इंडस इंटरनेशनल यूनिवर्सिटी बाथू, जवाहर नवोदय विद्यालय पेखूबेला सहित 22 संस्थानों का उल्लेख है। सूची में टोकन फ्लैग की संख्या भी दर्ज की गई है।