हरोली (ऊना)। पुलिस थाना हरोली के तहत साहुबाल क्षेत्र में 15 फरवरी को हुई स्नैचिंग की वारदात को पुलिस ने सुलझा लिया है। मामले में दूसरे आरोपी को भी पंजाब के गढ़शंकर क्षेत्र के गांव टूटू माजरा से गिरफ्तार किया गया है।
जानकारी के अनुसार, शिकायतकर्ता सोनिया निवासी बीटन अपनी जेठानी के साथ साहुबाल में बस का इंतजार कर रही थीं। इसी दौरान बाइक सवार दो अज्ञात युवकों ने पहले उनके कानों की बालियां छीनने का प्रयास किया लेकिन असफल रहने पर उन्होंने दोबारा हमला करते हुए महिला के हाथ से पर्स छीन लिया और पंजाब की ओर भाग गए। पीड़ित महिलाओं ने एक राहगीर की मदद से आरोपियों का पीछा करने की कोशिश की लेकिन वे पकड़ में नहीं आए। इसके बाद थाना हरोली में मामला दर्ज किया गया। पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और आरोपियों की पहचान की। इसके बाद थाना प्रभारी सुनील कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने पंजाब के गढ़शंकर क्षेत्र के गांव टूटू माजरा में दबिश देकर पहले आरोपी वरिंदर सिंह (26) को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से चोरी किया गया मोबाइल और वारदात में इस्तेमाल बाइक बरामद की गई। आरोपी को अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। पुलिस ने मामले में कार्रवाई जारी रखते हुए दूसरे आरोपी को भी ट्रैक किया। सर्विलांस और ह्यूमन इंटेलिजेंस के आधार पर पुलिस टीम ने एक और दबिश देकर आरोपी हरजीत सिंह उर्फ बिल्ला निवासी जैजों दोआबा, जिला होशियारपुर (पंजाब) को गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से भी एक मोबाइल बरामद किया गया है। पुलिस अधीक्षक सचिन हिरेमठ ने बताया कि मामले को सुलझाया गया है। क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों ने अपराधियों तक पहुंचने में अहम भूमिका निभाई।