जिले में तीखे मोड़ों सहित रोड किनारे स्कूलों, अस्पतालों के समीप लगाएं स्पीड ब्रेकर
जेब्रा क्रॉसिंग और अन्य सुरक्षा सांकेतिक बोर्ड लगाने के भी दिए निर्देश
उपायुक्त बोले- सड़क सुरक्षा नियमों को सख्ती से करें लागू
संवाद न्यूज एजेंसी
ऊना। जिलास्तरीय सड़क सुरक्षा समिति की बैठक बुधवार को उपायुक्त ऊना जतिन लाल की अध्यक्षता में हुई। इस दौरान उपायुक्त ने जिले में सड़क सुरक्षा नियमों को सख्ती से लागू करने के निर्देश दिए। उपायुक्त ने सभी उपमंडलाधिकारियों को अपने क्षेत्राधिकार में दुर्घटना संभावित स्थलों एवं ब्लैक स्पॉट की पहचान करके उन्हें सुधारने और संबंधित अधिकारियों के साथ रोड सेफ्टी प्लान तैयार करने के निर्देश दिए। कहा कि सड़क सुरक्षा को लेकर दुर्घटना संभावित स्थलों पर आवश्यकता अनुसार सीसीटीवी और क्रैश बैरियर, पैरापिट, लाइट रिफ्लेक्टर और स्पीड ब्रेकर लगाए जाएं। उन्होंने अधिकारियों को अगली बैठक में सुधार कार्यों की रिपोर्ट लेकर आने को कहा। साथ ही ओवर स्पीड और लापरवाही से वाहन चलाने वालों के साथ सख्ती से निपटने को कहा ताकि दुर्घटनाओं पर काबू पाया जा सके।
जतिन लाल ने जिले में सड़कों को सुरक्षित, अतिक्रमण मुक्त और यातायात को जोखिम रहित बनाने के लिए एकीकृत दृष्टिकोण से काम करने के लिए कहा। उन्होंने दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए संबंधित विभागों को पूर्व सुधारात्मक कदम उठाने और यातायात नियमों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित बनाने के निर्देश दिए। एनएच विभाग और पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिले में तीखे मोड़ों सहित रोड किनारे स्थित शिक्षण संस्थानों और अस्पतालों के समीप स्पीड ब्रेकर, जेब्रा क्रॉसिंग और अन्य सुरक्षा सांकेतिक बोर्ड लगाए जाएं ताकि यातायात में सुगमता बनी रहे और संभावित दुर्घटनाओं को रोका जा सके। उन्होंने लोक निर्माण विभाग के इलेक्ट्रिक विंग को डीसी कार्यालय के समीप ओल्ड होशियारपुर रोड पर ट्रैफिक लाइट लगाने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने ओल्ड होशियारपुर रोड पर सड़क किनारे स्थित ओपन नालों को कवर करने को कहा ताकि कोई अप्रिय दुर्घटना न हो।