संवाद न्यूज एजेंसी
बंगाणा (ऊना)। पूर्व विधायक देवेंद्र कुमार भुट्टो ने कहा कि जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुई आतंकी घटना ने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया था। इस हमले में निर्दोष लोगों की जान गई और देश एक बार फिर आतंकवाद की इस कायराना हरकत से क्रोधित था। भारतीय सेना ने फिर अपने अद्वितीय साहस और रणनीतिक कौशल का परिचय देते हुए आतंकवादियों को उनके ही घर में घुसकर जवाब दिया है। पाकिस्तान में आतंकियों के 9 अड्डों में स्ट्राइक की है। आज भारतीय सेना को देश का हर नागरिक सलाम कर रहा है। भुट्टो ने कहा कि भारत सरकार के निर्देश और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से सेना को दी गई फ्री हैंड नीति के तहत भारतीय सेना ने एक गुप्त अभियान ऑपरेशन सिंदूर को अंजाम दिया। इस ऑपरेशन में सेना ने पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर पीओके में स्थित आतंकी लॉन्च पैड्स को निशाना बनाते हुए आतंकियों को ढेर कर दिया।