गगरेट (ऊना)। भीषण गर्मी और लगातार बढ़ते तापमान ने आम जनजीवन के साथ-साथ स्थानीय बाजारों की रौनक पर भी असर डालना शुरू कर दिया है। सुबह के समय कुछ चहल-पहल देखने को मिलती है लेकिन दोपहर होते-होते बाजारों में सन्नाटा पसर जाता है। तेज धूप और गर्म हवाओं के कारण दोपहर के समय कई बाजारों में कर्फ्यू जैसे हालात दिखाई दे रहे हैं। सड़कों पर लोगों की आवाजाही कम हो गई है और अधिकांश दुकानदार ग्राहक आने का इंतजार करते नजर आते हैं।
व्यापारियों का कहना है कि पिछले कुछ समय से महंगाई की मार के कारण कारोबार पहले ही प्रभावित था लेकिन अब भीषण गर्मी ने बिक्री को और भी कमजोर कर दिया है। लोग केवल जरूरत का सामान खरीदने के लिए ही बाजार पहुंच रहे हैं। कपड़े, जूते, घरेलू सजावट और अन्य गैर जरूरी वस्तुओं की बिक्री में काफी गिरावट दर्ज की जा रही है। पेट्रोल-डीजल के बढ़ते दामों और रोजमर्रा की वस्तुओं में लगातार हो रही महंगाई से आम आदमी का बजट बिगड़ गया है। ऐसे में लोग खर्चों में कटौती कर रहे हैं और फिजूलखर्ची से बचने का प्रयास कर रहे हैं। इसका सीधा असर छोटे व्यापारियों और दुकानदारों की आय पर पड़ रहा है। स्थानीय दुकानदारों कपिल शर्मा, नन्हा, संजय शर्मा, अरविंद, रमनीक, शोकू आदि के अनुसार गर्मी में बाजार मंदी के दौर से गुजर रहा है, ऊपर से महंगाई ने और भी हालत खराब कर दी है।