टाहलीवाल (ऊना)। हरोली क्षेत्र के बाथू में टाहलीवाल-बाथड़ी मार्ग पर सड़क पर पड़े मिट्टी के ढेर से टकराकर स्कूटी सवार गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा 10 अक्तूबर को शाम करीब 06:35 बजे आटा चक्की के सामने हुआ। घायल नंगल कलां निवासी दिलबाग सिंह का पीजीआई चंडीगढ़ में उपचार चल रहा है।
शिकायतकर्ता राहुल राणा के अनुसार, जलशक्ति विभाग की पाइपलाइन की मरम्मत के लिए जेसीबी से खोदाई की गई थी। आरोप है कि सड़क पर मिट्टी छोड़ दी गई और वाहन चालकों की सुरक्षा के लिए बैरिकेडिंग, चेतावनी संकेतक व रिफ्लेक्टर नहीं लगाए गए। हादसे के बाद घायल को एंबुलेंस से क्षेत्रीय अस्पताल ऊना पहुंचाया गया, जहां से उसे पीजीआई रेफर किया गया।
पुलिस अधीक्षक सचिन हिरेमठ ने शिकायत के आधार पर ठेकेदार के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। उधर, जलशक्ति विभाग के कनिष्ठ अभियंता मनोज कुमार ने कहा कि मौके पर रिबन और लाल झंडी लगाई गई थी। हादसे के बाद खोदे गए गड्ढों को भर दिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।