दौलतपुर चौक (ऊना)। नगर पंचायत दौलतपुर चौक के मुख्य बाजार में वीरवार दोपहर उस समय अफरा-तफरी मच गई जब स्कूल से छुट्टी के बाद जमा एक और दो के विद्यार्थियों के गुट आपस में भिड़ गए। देखते ही देखते तकरार हाथापाई में बदल गई और बीच सड़क पर गुंडागर्दी का फिल्मी नजारा देखने को मिला। इस झगड़े में करीब आधा दर्जन विद्यार्थी आंशिक रूप से घायल हो गए जिन्हें तुरंत स्थानीय सीएचसी में उपचार के लिए पहुंचाया गया।
बताया जा रहा है कि दोनों पक्षों के बीच पिछले कुछ दिनों से मनमुटाव चल रहा था। स्कूल प्रशासन को सूचित करने के बजाय छात्रों ने अपने बाहरी साथियों को भी बुला लिया जिससे मामला और बढ़ गया। छुट्टी के तुरंत बाद बीच बाजार में दोनों गुट आमने-सामने आ गए और कुछ ही मिनटों में माहौल तनावपूर्ण हो गया, जिसे स्थानीय दुकानदारों ने शांत करवाया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। उधर झगड़े की खबर सुनते ही दोनों पक्षों के परिजन भी घटनास्थल पर पहुंच गए और अपने बच्चों के भविष्य को देखते हुए समझौते का रास्ता चुना।
चौकी प्रभारी एसआई रवि पाल ने बताया कि पुलिस ने स्थिति को तुरंत संभालते हुए कार्रवाई शुरू कर दी थी। दोनों पक्षों के आपसी समझौते के बाद मामला दर्ज नहीं किया गया। सभी छात्रों को कड़ी चेतावनी दी गई है कि भविष्य में ऐसा व्यवहार दोहराया गया तो सख्त कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।