ऊना शहर में लगी सेल के चलते उमड़ी लोगों की भीड़। संवाद
ऊना। नववर्ष के आगमन पर ऊना के बाजारों में सेल लगने के साथ ही रौनक छा गई है। शहर के मुख्य बाजारों, जीवन मार्किट, पुलवाला बाजार और एनएच के किनारे व्यापारियों ने कपड़ों और अन्य सामान की खुली सेल लगाई है। सेल को लेकर ऊना ही नहीं बल्कि आसपास के उपमंडलों से भी लोग खरीदारी के लिए पहुंचे हैं। इससे बाजार में जाम की स्थिति पैदा हो गई है।
सोमवार को सुबह बाजारों में भीड़ कम थी, लेकिन दोपहर बाद ग्राहकों का सैलाब उमड़ पड़ा। हर साल यह सेल 25 दिसंबर से शुरू हो जाती थी, लेकिन खराब मौसम और बारिश के कारण इस बार देरी हुई। सोमवार को मौसम साफ होने के बाद व्यापारियों ने बाजारों में सामान सजा दिया।
सेल के चलते मुख्य बाजारों और एनएच पर वाहनों की आवाजाही प्रभावित रही। पैदल चलने वाले और वाहन चालक, दोनों को परेशानी का सामना करना पड़ा। भीड़ को नियंत्रित करने और यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस तैनात की गई है।